खरसिया में लकड़ी तस्करों पर बड़ा प्रहार: उड़नदस्ता और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 2 ट्रक व 1 माजदा जब्त
खरसिया। रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र में अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भालू नारा चौक के पास उड़नदस्ता और वन परिक्षेत्र खरसिया की संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी कर तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
सूत्रों के अनुसार, टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से लकड़ी की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही उड़नदस्ता और वन विभाग की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। रात लगभग 9 बजे की गई इस कार्रवाई में दो ट्रक और एक माजदा वाहन को पकड़ा गया, जिनमें भारी मात्रा में अवैध लकड़ी लदी हुई थी।
जप्त किए गए वाहनों और लकड़ी को वन परिक्षेत्र खरसिया डिपो लाया गया है, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि रायगढ़ जिले में लगातार हो रही अवैध तस्करी पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
लगातार हो रही इस सख्त कार्रवाई से लकड़ी तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है और अवैध कारोबार करने वालों में भय का माहौल बना हुआ है।
वन विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध कटाई या तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।



टिप्पणियाँ