सरपंच सहित आठ भाजपा कार्यकर्ताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ
विक्रम शाह मंडावी के समक्ष थामा कांग्रेस का हाथ
स्थानीय विधायक निवास में भोपालपटनम ब्लॉक सरपंच संघ के अध्यक्ष व ग्राम पंचायत चंदूर के वर्तमान सरपंच एवं भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता अशोक मड़े ने आज आपने आठ साथियों के साथ कांग्रेस की रीति-नीति से प्रभावित होकर कांग्रेस का दामन थाम लिया है, बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं बीजापुर के विधायक विक्रम शाह मंडावी ने अपने वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की उपस्थित में कांग्रेस का ग़मछा पहनाकर कांग्रेस प्रवेश कराया।
इस दौरान प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए अशोक मड़े ने कहा कि "पिछले पंद्रह सालों से मैं भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में कार्य किया परंतु हमारे क्षेत्र में भाजपा के शासन काल में कोई भी विकास कार्य नही हुआ, लेकिन जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है तब से प्रदेश के साथ साथ ग्रामीण क्षेत्रों का लगातार विकास हो रहा है जिससे मैं बहुत प्रभावित हूँ, और विधायक विक्रम शाह मंडावी जी बीजापुर ज़िले के विकास को लेकर गम्भीर है।"
भाजपा से कांग्रेस प्रवेश करने वालों में अशोक मड़े के अलावा महेंद्र बंदम, अभिजीत बंदम, कोड़े सुरेश, सुमन वासम, यालम सड़वाली, राजाबाबू एवं रामबाबू मड़े शामिल थे।
इसके एक दिन पूर्व गुरुवार को भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार के गृह ग्राम तिमेड की भाजपा समर्थित सरपंच मीना गोटे ने कांग्रेस की रीति नीति से प्रभावित होकर कांग्रेस का दामन थाम लिया था।
प्रेसवार्ता दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर, जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियाम, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अजय सिंह, जिला पंचायत सदस्य एवं बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की सदस्य नीना रावतिया उद्दे, विधायक प्रतिनिधि सुखदेव नाग, ज़िला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ज्योति कुमार, जिला महामंत्री सुनील उद्दे, नगर कांग्रेस अध्यक्ष संतोष गुप्ता एवं जनपद अध्यक्ष राधिका तेलम आदि उपस्थित थे।