आगामी त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक खीरी द्वारा की गई पुलिस बल की ब्रीफिंग
17 अप्रैल 2021
आगामी त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक खीरी द्वारा की गई पुलिस बल की ब्रीफिंग
दिनांक 19.04.2021 को जनपद खीरी में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन को शांतिपूर्वक, निष्पक्ष व सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 17.04.21 को पुलिस अधीक्षक खीरी, श्री विजय ढुल द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन्स परिसर में वाह्य जनपद से आए पुलिस बल की ब्रीफिंग की गई। साथ ही जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारीगण, प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष एवं समस्त थानों पर उपस्थित पुलिसकर्मी वीडियो कॉनफ्रेंसिंग के माध्यम से ब्रीफिंग में जुड़े रहे।
ब्रीफिंग के दौरान महोदय द्वारा आगामी निर्वाचन को शांतिपूर्वक व निष्पक्ष सम्पन्न कराने हेतु आवश्यक दिशानिर्देश दिए गए। मतदान के दिन पोलिंग बूथ पर उपस्थित रहने वाले पुलिस बल को सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार की विधि विरुद्ध गतिविधि पर तत्काल सेक्टर/जोनल मजिस्ट्रेट को सूचित करने, के साथ तत्काल कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। मतदान प्रक्रिया में गड़बड़ी व बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्यवाही करने हेतु निर्देश दिए गए। पुलिसकर्मियों को मतदान स्थल पर स्वयं भी कोविड नियमावली का पालन करते हुए मतदाताओं को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए मतदान कराने हेतु निर्देशित किया गया। मतदान के दौरान बूथों पर तैनात पुलिसकर्मियों को प्रत्याशी या उनके समर्थकों से किसी भी प्रकार का भोजन या खान-पान संबंधी वस्तु न ग्रहण करने के लिए निर्देशित किया गया पुलिसकर्मियों के भोजन हेतु प्रबंध प्रशासन द्वारा किया गया है। समस्त प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष को मतदान से पूर्व संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर मतदाताओं में सुरक्षा की भावना एवं अपराधियों के मन में भय जागृत करने के निर्देश दिए गए। मतदान के दौरान प्रत्येक व्यक्ति की सघन चेकिंग कर पानी, स्याही आदि को लेकर जाने की अनुमति नहीं देने के निर्देश दिए गए। मतदान के दौरान स्वयं भी निष्पक्ष व ईमानदार रहकर सम्पूर्ण प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने हेतु निर्देशित किया गया।
साईन्स वाणी न्यूज़
रिपोर्ट सदीप राजपूत
जिला लखीमपुर खीरी