हटाये गये थप्पड़मार कलेक्टर रणवीर शर्मा
23 मई 2021
हटाये गये थप्पड़मार कलेक्टर रणवीर शर्मा
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
सूरजपुर - जिले के थप्पड़मार कलेक्टर रणबीर शर्मा ( वर्ष 2012 बैच ) को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। इस कलेक्टर ने आम जनता के साथ जैसी अमानवीय करतूत की वैसी ही सीएम बघेल ने कार्यवाही भी की। ढाई साल में भूपेश सरकार की ये पहली बड़ी कार्यवाही है जिसमें कलेक्टर के आचरण को अक्षम्य मानते हुये उनकी छुट्टी की गई। दरअसल इस कलेक्टर की दादागीरी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में वे शहर में पुलिस के साथ लाकडाउन के गश्त पर निकले थे , तभी रास्ते में उसका सामना एक लड़के से हो गया। उससे कुछ पूछताछ करने के बाद बीच सड़क में थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे थे। यही नहीं, उन्होंने उसका मोबाइल भी तोड़ दिया था और पुलिस से उसकी पिटाई भी करायी थी। मुख्यमंत्री ने इस घटना पर दुख जताया और इसे निंदनीय करार दिया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से सूरजपुर कलेक्टर द्वारा एक युवक से दुर्व्यवहार का मामला मेरे संज्ञान में आया है , यह बेहद दु:खद और निंदनीय है। प्रदेश में आम लोगों के साथ ऐसा व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। इसके साथ छत्तीसगढ़ शासन ने रायपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गौरव कुमार सिंह को सूरजपुर जिले का नया कलेक्टर पदस्थ किया है वहीं रणबीर शर्मा को कलेक्टर सूरजपुर से स्थानांतरित करते हुये तत्काल प्रभाव से मंत्रालय में संयुक्त सचिव (प्रतीक्षारत) के पद पर पदस्थ किया गया है। कलेक्टर रणवीर ने युवक का मोबाइल कलेक्टर ने तोड़ने के मकसद से ही जमीन पर पटका , उन्हें लगा कि वो कुछ रिकॉर्ड कर रहा है। जबकि आसपास के लोग पहले ही पूरा वाक्या रिकॉर्ड कर रहे थे तभी तो ये तस्वीर सामने आयी। घटना का वीडियो सामने आते ही बवाल शुरू हो गया। लोगों ने सोशल मीडिया पर इस वीडियो को शेयर करते हुये कलेक्टर के इस रवैये को बेहद गैर जिम्मेदाराना बताया।
आईएएस एसोसिएशन ने जताया विरोध
बीडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर की आलोचना ना सिर्फ सोशल मीडिया पर हो रही थी बल्कि आईएएस एसोसिएशन ने भी इस घटना की निंदा की है। एसोसिएशन की तरफ से लिखा गया है कि मुश्किल के इस दौर में एक आईएएस का व्यवहार जनता के प्रति बेहद जिम्मेदार होना चाहिये आईएएस एसोसिएशन कलेक्टर सूरजपुर , छग के व्यवहार की कड़ी निंदा करता है। कलेक्टर सूरजपुर का व्यहार अस्वीकार्य है। यह सेवा और सभ्यता के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है। सिविल सेवकों को सहानुभूति रखनी चाहिये।
सीएम बघेल ने सूरजपुर में कलेक्टर द्वारा नवयुवक के साथ दुर्व्यवहार के दौरान नवयुवक के क्षतिग्रस्त मोबाइल की प्रतिपूर्ति के रूप में उस नवयुवक को नया मोबाइल फोन उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। वहीं पीड़ित युवक ने मुख्यमंत्री और प्रशासन के तरफ से अब तक हुई करवाई पर संतोष जाहिर करते हुये कहा कि उसे नया मोबाइल मिल गया है। जो कार्रवाई हुई है , उससे वह संतुष्ट है।
कलेक्टर ने मांगी माफी
मामले के तूल पकड़ने पर सूरजपुर कलेक्टर रणबीर शर्मा ने वीडियो जारी कर माफी मांगी है। उन्होंने कहा है कि साल भर से मैं और मेरा पूरा अमला मेहनत कर रहे हैं। मैं और मेरे माता-पिता भी कोविड की चपेट में आये थे। इसलिये मैं भलीभांति समझता हूं कि व्यक्ति पर शारीरिक रूप से क्या गुजरती है। उन्होंने आवेश में आकर थप्पड़ मारने की बात कही और क्षमा मांगी है। कलेक्टर ने कहा कि किसी के अपमान करने का मेरा मकसद नहीं था। आवेश में आकर मैंने हाथ उठाया जिसके लिये क्षमाप्रार्थी हूं।
विवादों से है गहरा नाता
कलेक्टर रणबीर का विवादों से नाता का कोई ताजा मामला नहीं है। "थप्पड़कांड" से पहले भी जनाब ‘रिश्वतकांड’ और ‘गोलीकांड’ जैसे कारनामे कर चुके हैं , उनके लिये ‘कांड’ करना कोई नई बात नहीं है।
भालू को गोली मारने का दिया था आदेश
वर्ष 2014 में बिलासपुर जिले के मरवाही-गाैरेला में रणबीर शर्मा को एसडीएम के पद पर पदस्थापना मिली तभी से वे पहली बार चर्चा में आये थे। उस दौरान रणबीर ने एक जंगली भालू को गोली मारने का आदेश दिया था। गोली लगने से भालू की मौके पर मौत हो गई थी। यह मामला भी काफी लंबे समय चला. रणबीर के खिलाफ जांच भी चली।
रिश्वत लेते पकड़ाये थे
रणबीर शर्मा वर्ष 2015 में कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर एसडीएम रहते हुये भी चर्चा में आये थे , उस समय रणबीर प्रशिक्षु आईएएस थे। एसडीएम रहने के दौरान वे पटवारी से दस हजार रुपये रिश्वत लेते एंटी करप्शन ब्यूरो ने पकड़ा था। उन्हें एसडीएम के पद से हटा दिया गया था। तब भी उन्हें मंत्रालय में अवर सचिव के रूप में स्थानांतरित किया गया था।
राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी लिया संज्ञान
सूरजपुर कलेक्टर आईएएस रणबीर शर्मा द्वारा एक लड़के के साथ मारपीट किये जाने के बाद राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव अमिताभ जैन को नोटिस भेजा है। नोटिस के अनुसार आईएएस रणबीर शर्मा के खिलाफ एफआईआर और उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।