पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बिलासपुर में हुआ खेलोत्सव का आयोजन
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बिलासपुर में हुआ खेलोत्सव का आयोजन
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बिलासपुर के प्रांगण में दिनांक 24/04/2025 को खेलोत्सव के लिए सभी प्रतिभागी उपस्थित हुए। स्वर्णरंजित सूर्य देव की प्रभात किरणों ने सभी आगंतुकों का अभिनंदन किया। खेलोत्सव की शुरुआत मुख्य अतिथि रामकांत कौशिक प्राचार्य के० वि० सीआरपीएफ भरनी (बिलासपुर) द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण से किया गया। इस खेलोत्सव में रायपुर संभाग के 15 केंद्रीय विद्यालयों से 103 प्रतिभागियों ने भाग लिया। संतोष लाल खेल शिक्षक के० वि० बिलासपुर ने सभी प्रतिभागियों को खेल-नियमों से अवगत कराते हुए मार्च पास्ट कराया। विद्यालय के संगीत शिक्षक लक्ष्मण कौशिक के कुशल निर्देशन में छात्रों द्वारा मुख्य अतिथि एवं विभिन्न विद्यालयों से आए हुए प्रतिभागियों एवं अनुरक्षक शिक्षकों का सुमधुर गीत से स्वागत किया गया। तत्पश्चात विद्यालय के प्राचार्य उमेश कुमार कुर्रे द्वारा स्वागत उद्बोधन दिया गया और प्रतिभागियों को खेल-भावना की सीख दी गई। मुख्य अतिथि द्वारा खेलोत्सव के शुभारंभ की घोषणा करते हुए अपने उद्बोधन में कहा गया कि हमारा एक ही ध्येय होना चाहिए- पढ़ना, खेलना और आगे बढ़ना। सर्वप्रथम बालिकाओं का वॉलीबॉल खेल शुरु हुआ जिसमें प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन से सभी दर्शकों का मन मोह लिया और पूरा विद्यालय तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा। वॉलीबॉल में 4 स्कूलों के 30 प्रतिभागियों ने भाग लिया और फाइनल मुकाबले में के०वि०कवर्धा की टीम ने बीएमवाय भिलाई को रोमांचक अंदाज में पराजित करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। कबड्डी में 6 स्कूलों की 58 बालिकाओं ने भाग लिया जिसमें फाइनल मुकाबले में के० वि० रायपुर क्र०एक, शिफ्ट एक के खिलाड़ियों ने के० वि० रायगढ़ को शिकस्त देकर प्रथम स्थान हासिल किया। इसके साथ ही तैराकी प्रतियोगिता में 8 लड़कियाँ और 5 लड़कों ने शानदार प्रदर्शन किया। मिताली मिनहास खेल शिक्षक के० वि० डोंगरगढ़ को के०वि०सं०संभागीय कार्यालय रायपुर द्वारा खेल विशेषज्ञ की जिम्मेदारी दी गई जिसे इनके द्वारा बखूबी निभाया गया। विद्यालय के द्वारा मौसम को ध्यान में रखते हुए प्रतिभागियों के रहने और खाने की उचित व्यवस्था की गई। सभी प्रतिभागियों द्वारा इस दो दिवसीय खेलोत्सव में खूब आनंद लिया गया। केंद्रीय विद्यालय संगठन की ये एक अनूठी पहल है जिसमें शिक्षा के साथ-साथ खेलों का बढ़ावा दिया जाता है। दिनांक 25/04/2025 को यह खेलोत्सव पूर्ण हुआ। अंत में संतोष लाल द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया और राष्ट्रीय स्तर पर चयन के लिए प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दी गई। कार्यक्रम का सफल संचालन चंद्र कुमार जायसवाल स्नातकोत्तर शिक्षक (हिंदी) द्वारा किया गया। इस खेलोत्सव को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं कार्यालय स्टाफ़ का सराहनीय सहयोग रहा। अंत में मिष्ठान वितरण के साथ खेलोत्सव के समाप्ति की घोषणा की गई।
🔷 गौतम बालबोंदरे बिलासपुर
