-->
झगरपुर में शोक की लहर : लगन साय चौहान के निधन पर चौहान समाज ने दी श्रद्धांजलि, परिवार सहयोग हेतु लिया महत्वपूर्ण निर्णय

झगरपुर में शोक की लहर : लगन साय चौहान के निधन पर चौहान समाज ने दी श्रद्धांजलि, परिवार सहयोग हेतु लिया महत्वपूर्ण निर्णय



संवाददाता – संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़ लैलूंगा झगरपुर 

लैलूंगा/रायगढ़।
लैलूंगा विकासखण्ड के ग्राम झगरपुर में उस समय शोक की लहर फैल गई, जब ग्राम निवासी एवं चौहान समाज के वरिष्ठ सदस्य स्वर्गीय लगन साय चौहान का आज दिनांक 20 मई 2026, बुधवार को निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का वातावरण निर्मित हो गया। समाज के लोगों ने उनके निवास पहुंचकर अंतिम दर्शन किए तथा शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।
स्वर्गीय लगन साय चौहान अपने सरल स्वभाव, सामाजिक व्यवहार एवं समाज के प्रति समर्पित सोच के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से चौहान समाज को अपूरणीय क्षति पहुंची है। समाज के वरिष्ठजनों एवं ग्रामीणों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए सामूहिक रूप से मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान चौहान समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं समाजजनों की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण सामाजिक निर्णय भी लिया गया। समाज के लोगों ने तय किया कि भविष्य में किसी भी सदस्य के मिट्टी या दाह-संस्कार कार्यक्रम में पारंपरिक कफन-कपड़ा लाने के बजाय संबंधित परिवार को आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि दुःख की घड़ी में परिवार को वास्तविक सहायता मिल सके। समाज के इस निर्णय की ग्रामीणों एवं उपस्थित लोगों ने सराहना की और इसे समाजहित में सकारात्मक पहल बताया।
बैठक में यह भी कहा गया कि तीज नहान कार्यक्रम में समाज के सभी लोग अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर परिवार को सांत्वना एवं सहयोग प्रदान करें। झगरपुर चौहान समाज के सदस्यों ने कहा कि दुख की इस घड़ी में समाज का प्रत्येक व्यक्ति परिवार के साथ खड़ा है और हर संभव सहयोग किया जाएगा।
स्वर्गीय लगन साय चौहान अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके पुत्र फिरतू चौहान, गंगा राम चौहान एवं खिरो चौहान सहित समस्त परिवारजन गहरे शोक में डूबे हुए हैं। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं ग्रामीणों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।
ग्राम झगरपुर सहित पूरे लैलूंगा क्षेत्र में उनके निधन पर शोक व्यक्त किया जा रहा है।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article