मैहर में NEET पेपर लीक पर युवक कांग्रेस का प्रदर्शनः ट्रेन रोकने की कोशिश में कार्यकर्ता गिरफ्तार, पुलिस से तीखी झड़प और झूमाझटकी*
30 मई 2026
श्री निवास मिश्रा पत्रकार मैहर
मैहर में शनिवार को युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने NEET परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन किया। युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया और मैहर जिला अध्यक्ष सौरभ शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रेलवे स्टेशन की ओर मार्च किया।
रेलवे स्टेशन पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने ट्रेन रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। बिगड़ती स्थिति को देखते हुए पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
प्रदर्शन से पहले, शहर के एक निजी होटल में 'युवा जनसंवाद' कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष यश घनघोरिया ने युवाओं और छात्रों से सीधा संवाद किया। जनसंवाद कार्यक्रम समाप्त होते ही, परीक्षा लीक मामले से आक्रोशित युवा सड़कों पर उतर आए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
*ट्रेन रोकने पहुंचे थे कार्यकर्ता*
युवक कांग्रेस द्वारा ट्रेन रोकने की पूर्व सूचना के कारण मैहर जिला प्रशासन और पुलिस पहले से ही हाई अलर्ट पर थे। रेलवे स्टेशन परिसर को छावनी में बदल दिया गया था। मुख्य रास्तों पर भारी बैरिकेडिंग लगाकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
मौके पर एसडीएम दिव्या पटेल, कोतवाली टीआई अनिमेष द्विवेदी, एसआई वंदना गर्ग, तहसीलदार जितेंद्र पटेल, सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान और कई थानों के थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौजूद थे। जैसे ही प्रदर्शनकारियों का हुजूम रेलवे स्टेशन के करीब पहुंचा, पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग के पास रोक लिया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़कर अंदर घुसने की पुरजोर कोशिश की, जिससे पुलिस और युवाओं के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की स्थिति बनी रही। कुछ जोशबाज़ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग के ऊपर तक चढ़ गए, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने उन्हें आगे बढ़ने नहीं दिया।
*घनघोरिया बोले- लाखों छात्रों के भविष्य से खिलवाड़*
करीब एक घंटे तक चले इस हंगामे और तनावपूर्ण माहौल को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सख्ती दिखाई और युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया, जिला अध्यक्ष सौरभ शर्मा समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। गिरफ्तारी के दौरान कुछ समय के लिए मौके पर भारी तनाव निर्मित हो गया था, लेकिन अधिकारियों की सूझबूझ से हालात काबू में रहे।
हिरासत में लिए जाने के दौरान युवक कांग्रेस अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नीट परीक्षा लीक मामले ने देश के लाखों होनहार छात्रों के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। सरकार दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है, लेकिन युवक कांग्रेस छात्रों के हक की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लड़ेगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होने तक शांत नहीं बैठेगी।