-->
हर बच्चे तक पहुंचेगी पोलियो की दो बूंद, 28 से शुरू होगा राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान**रायगढ़ जिले के 1.34 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी जीवनरक्षक खुराक, 1307 बूथों पर होगी शुरुआत*

हर बच्चे तक पहुंचेगी पोलियो की दो बूंद, 28 से शुरू होगा राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान**रायगढ़ जिले के 1.34 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी जीवनरक्षक खुराक, 1307 बूथों पर होगी शुरुआत*



साइंस वाणी न्यूज़ रायगढ़ प्राप्त जानकारी के अनुसार:- रायगढ़, 27 जून 2026/ पोलियो जैसी गंभीर और स्थायी विकलांगता पैदा करने वाली बीमारी के पूर्ण उन्मूलन की दिशा में रायगढ़ जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है। कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिले में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान का आयोजन 28 से 30 जून तक किया जाएगा। तीन दिवसीय इस अभियान के दौरान जिले के शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग के 1 लाख 34 हजार 980 बच्चों को पोलियोरोधी वैक्सीन की दो बूंद पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ 28 जून को सुबह 8 बजे रामभाठा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, संजय मैदान में महापौर के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा।
      अभियान के पहले दिन 28 जून को जिले के 1307 पोलियो बूथों पर बच्चों को वैक्सीन पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर ऐसे बच्चों की पहचान करेंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके हैं। इन बच्चों को उनके घर पर ही पोलियो की खुराक देकर अभियान का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए जिले के सभी विकासखंडों एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। खंड चिकित्सा अधिकारियों, प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधकों, एएनएम, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा मितानिनों को प्रशिक्षण देकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने पहुंच से दूर क्षेत्रों, ईंट भट्ठों, औद्योगिक क्षेत्रों, मलीन बस्तियों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मेला एवं साप्ताहिक बाजारों जैसे स्थानों पर बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 25 मोबाइल टीमों, 19 ट्रांजिट टीमों, 13 मेला एवं बाजार स्थल टीमों तथा 283 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है।
        मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने कहा कि पोलियो के खिलाफ लड़ाई तभी सफल होगी, जब समाज का प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे न केवल अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं, बल्कि अपने आसपास के परिवारों को भी इसके लिए प्रेरित करें। जनसहभागिता से ही रायगढ़ जिला पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।

हेमंत कुमार टंडन 
जिला ब्यूरो चीफ रायगढ़ छत्तीसगढ़

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article