जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल की पहल से डिमानी को मिली ऐतिहासिक सौगात, 622 मीटर पीडब्ल्यूडी सीसी रोड मरम्मत कार्य का भव्य भूमि पूजन संपन्न
खरसिया। क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने तथा ग्रामीण अंचलों को मूलभूत सुविधाओं से सशक्त बनाने के संकल्प के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल की पहल एवं सतत प्रयासों से ग्राम पंचायत डिमानी को एक और ऐतिहासिक सौगात मिली है। रविवार 28 जून को 622 मीटर लंबी पीडब्ल्यूडी सीसी रोड के विशेष मरम्मत कार्य का विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ भव्य भूमि पूजन संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण कार्य के प्रारंभ होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है तथा वर्षों से चली आ रही आवागमन की समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।
ग्रामीणों ने बताया कि डिमानी की सड़क लंबे समय से जर्जर एवं बदहाल स्थिति में थी। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण आम लोगों, किसानों, स्कूली बच्चों एवं राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी, जिससे आवागमन जोखिमभरा हो जाता था। ग्रामीणों ने अपनी इस समस्या को जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल के समक्ष रखा, जिस पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए सड़क मरम्मत कार्य को प्राथमिकता दिलाई और कार्य को गति प्रदान की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रविन्द्र गबेल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है तथा विकास कार्यों की यह श्रृंखला आगे भी निरंतर जारी रहेगी
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत खरसिया अध्यक्ष श्रीमती रामकुमारी राठिया एवं जनपद पंचायत उपाध्यक्ष डॉ. हितेश गबेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत डिमानी के सरपंच घनश्याम सिदार ने की। वहीं उपसरपंच श्रीमती महिमा जायसवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
भूमि पूजन कार्यक्रम में प्रमुख रूप से हरिशंकर जायसवाल, चंद्रिका साहू, धरम साहू, बाबूलाल साहू, टेकचंद पटेल, तिहारू जायसवाल, हेमलाल पटेल, मुकेश जायसवाल, सुरेश जायसवाल, सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
ग्रामीणों ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उनका कहना है कि श्रीमती गबेल हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनती हैं और उनके त्वरित समाधान के लिए सक्रियता के साथ कार्य करती हैं। यही कारण है कि आज क्षेत्र में उनके कार्यों की व्यापक सराहना हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल की कार्यशैली अन्य जनप्रतिनिधियों से अलग है। वे केवल आश्वासन देने तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि समस्याओं के समाधान के लिए शासन एवं प्रशासन स्तर पर लगातार प्रयास करती हैं। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सामुदायिक भवन एवं अन्य विकास कार्यों को लेकर उनकी सक्रियता का लाभ सीधे आम जनता को मिल रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल जनता के सुख-दुख में सदैव सहभागी बनकर खड़ी रहती हैं। यही कारण है कि क्षेत्रवासियों का उनके प्रति विश्वास लगातार मजबूत होता जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि उनके नेतृत्व में गांवों की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल रही है तथा विकास की नई इबारत लिखी जा रही है।
ग्रामीणों ने जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद ग्रामीणों को सुगम, सुरक्षित और बेहतर आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी, जिससे शिक्षा, कृषि एवं दैनिक जीवन से जुड़े कार्यों में भी काफी सहूलियत मिलेगी। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी प्रकार विकास कार्यों को प्राथमिकता मिलती रहेगी और क्षेत्र निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा।








