वीरांगना रानी दुर्गावती का बलिदान दिवस श्रद्धा, गौरव और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया*
24 जून 2026
साइंस वाणी न्यूज़ खरसिया- ग्राम छोटे मुड़पार में जुटे जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और ग्रामीणों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, वीरांगना के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
खरसिया। गोंडवाना गोंड महासभा ब्लॉक इकाई खरसिया के संयुक्त तत्वावधान में खरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम छोटे मुड़पार में वीरांगना रानी दुर्गावती का बलिदान दिवस श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिलाओं, युवाओं एवं ग्रामीणों ने भाग लेकर वीरांगना रानी दुर्गावती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके अद्वितीय साहस, शौर्य तथा राष्ट्रप्रेम को नमन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर गोंडवाना गोंड महासभा ब्लॉक इकाई खरसिया के संरक्षक श्याम लाल जगत ने रानी दुर्गावती के जीवन संघर्ष, पराक्रम और बलिदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देकर भारतीय इतिहास में अमिट छाप छोड़ी। उनका जीवन त्याग, स्वाभिमान, वीरता और नारी शक्ति का अनुपम उदाहरण है, जो आज भी समाज को अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।
गोंडवाना गोंड महासभा ब्लॉक इकाई खरसिया के अध्यक्ष राजकुमार सिदार मरावी ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी रानी दुर्गावती ने कभी हार नहीं मानी और विदेशी आक्रमणकारियों का वीरतापूर्वक सामना करते हुए अपने राज्य, संस्कृति और सम्मान की रक्षा की। उनका बलिदान भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है, जिसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
युवा प्रभाग अध्यक्ष अनुज नेताम ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को अपनी गौरवशाली विरासत से जोड़ने के साथ-साथ नई पीढ़ी को देश के महान वीरों और वीरांगनाओं के संघर्ष, त्याग और बलिदान से परिचित कराते हैं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा वीरांगना के साहस और स्वाभिमान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने रानी दुर्गावती के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने, शिक्षा, एकता, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रसेवा की भावना को सशक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। देशभक्ति एवं समाज जागरण से जुड़े विचारों का आदान-प्रदान किया गया तथा महिलाओं और युवाओं की उल्लेखनीय भागीदारी ने आयोजन को और अधिक गरिमामय बना दिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर बड़ा देव स्थल में वृक्षारोपण किया गया तथा राष्ट्रहित एवं समाजहित में कार्य करने का संकल्प दोहराते हुए वीरांगना रानी दुर्गावती को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर युवा प्रभाग उपाध्यक्ष डिकेश्वर राज मरावी, मीडिया प्रभारी डिग्री लाल सिदार, सोनसिंह जगत, सचिव कुशो सिंह जगत महिला प्रभाग अध्यक्ष मीना मरावी, तुलसी जगत, उमा भारती मरावी सहित अनेक पदाधिकारी, समाजसेवी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
विशेष संवाददाता छत्तीसगढ़ यशोदा यादव