पत्थलगांव को मिलेगी रिंग रोड की सौगात, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
24 जून 2026
साइंस वाणी न्यूज़
जिला संवाददाता:- प्रेमसागर यादव
पत्थलगांव। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिले जशपुर में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। इसी कड़ी में पत्थलगांव नगरवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। जहां एक ओर नेशनल हाईवे बाईपास निर्माण में हो रही देरी से लोगों की उम्मीदों को झटका लग रहा था, वहीं अब शहर को रिंग रोड की सौगात मिलने जा रही है।
लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा रिंग रोड निर्माण की दिशा में प्रारंभिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग ने सर्वेक्षण कार्य के लिए टेंडर जारी किया है। सर्वे के बाद निर्धारित मापदंडों के अनुसार विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
प्रस्तावित रिंग रोड पत्थलगांव की तीनों प्रमुख सड़कों को आपस में जोड़ने का कार्य करेगी। इससे शहर के भीतर वाहनों का दबाव कम होगा और भविष्य में बढ़ने वाले ट्रैफिक की समस्या से भी राहत मिलेगी। वर्तमान में प्रस्तावित बाईपास केवल अंबिकापुर रोड और जशपुर रोड को जोड़ने के लिए है, जबकि रिंग रोड शहर के चारों ओर एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराएगी।
रिंग रोड परियोजना से न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि शहर के विस्तार और विकास को भी नई दिशा मिलेगी। इसके पहले शहर की तीनों प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं उन्नयन का कार्य भी प्रस्तावित है,
जिसके तहत कुछ स्थानों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा सकती है। इससे शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था दोनों में सुधार होगा।
नगरवासियों का मानना है कि रिंग रोड और सड़क चौड़ीकरण की योजनाएं पूरी होने के बाद पत्थलगांव को वर्षों से चली आ रही ट्रैफिक समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी और नगर के विकास को नई गति प्राप्त होगी।