जिला निवेश प्रोत्साहन समिति की बैठक में लंबित प्रकरणों के निराकरण पर फोकस**सिंगल विंडो सिस्टम, अनुदान, भूमि और क्लीयरेंस संबंधी मामलों की हुई विस्तृत समीक्षा
17 जून 2026
*एमओयू एवं प्रस्तावित निवेश परियोजनाओं की प्रगति पर हुआ मंथन:-
साइंस वाणी न्यूज़ रायगढ़ प्राप्त जानकारी के अनुसार:- रायगढ़, 17 जून 2026/ जिला निवेश प्रोत्साहन समिति की बैठक आज जिला कलेक्टोरेट स्थित सृजन सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिले में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने, निवेश संबंधी लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण तथा औद्योगिक परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिजीत बबन पठारे, एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की मुख्य महाप्रबंधक अंजू नायक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्पंज आयरन एवं पावर प्लांट इकाइयों के प्रतिनिधि, शासन से एमओयू निष्पादित इकाइयों तथा आईओआई प्रमाण-पत्र धारित उद्योगों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य महाप्रबंधक ने एजेंडा बिंदुओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण करते हुए निवेश संवर्धन एवं औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। इस दौरान जिले में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने तथा सिंगल विंडो सिस्टम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। बैठक में ब्याज अनुदान, स्थायी पूंजी निवेश अनुदान, परियोजना प्रतिवेदन, उत्पादन प्रमाण-पत्र, मंडी शुल्क एवं स्टाम्प शुल्क छूट तथा मार्जिन मनी अनुदान से जुड़े लंबित प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा हुई। संबंधित विभागों को इन मामलों के त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा गया। औद्योगिक विकास से जुड़े आधारभूत विषयों के अंतर्गत लैंड बैंक, औद्योगिक भूमि, निजी भूमि अर्जन एवं शासकीय भूमि हस्तांतरण से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। साथ ही केंद्र सरकार की निवेश प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी साझा की गई।
बैठक में जिला स्तर पर लंबित इंडस्ट्रियल क्लीयरेंस, एमओयू, इन्विटेशन टू इन्वेस्ट तथा अभिस्वीकृति पत्र प्राप्त इकाइयों की स्थापना में आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। उद्योग प्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं लंबित मामलों को रखा, जिनके समाधान के लिए आवश्यक समन्वय एवं कार्यवाही पर विचार किया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिजीत बबन पठारे ने उद्योग प्रतिनिधियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए उनके शीघ्र समाधान के लिए प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में लीज पर आवंटित भूमि के खसरों के दुरुस्तीकरण से जुड़े मामलों तथा धरमजयगढ़ में प्रस्तावित एग्रो प्रोसेसिंग सेक्टर परियोजना पर भी चर्चा की गई। बैठक के अंत में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र रायगढ़ की मुख्य महाप्रबंधक ने उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
हेमंत कुमार टंडन
जिला ब्यूरो चीफ रायगढ़ छत्तीसगढ़