ग्रामीण विकास को मिली नई रफ्तार: रायगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रवीन्द्र गवेल ने की'वीबी-जी रामजी मिशन' का भव्य शुभारंभ, अब 125 दिन मिलेगा गारंटी रोजगार
साइंस वाणी न्यूज़
रायगढ़, 2 जुलाई 2026। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और गांवों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में केंद्र सरकार के विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) – वीबी-जी रामजी का जिले में भव्य शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला मुख्यालय सहित रायगढ़ जिले के सभी सातों विकासखंडों में किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने देखा।
जिला पंचायत रायगढ़ के सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय जन सम्मेलन में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रवीन्द्र गबेल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुषमा खलखो, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम रोजगार सहायक, तकनीकी सहायक तथा स्व-सहायता समूहों के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा गबेल ने बताया कि अब ग्रामीण परिवारों को 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों तक गारंटीशुदा रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। और योजना के तहत दैनिक मजदूरी बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है।
योजना में रोजगार का भुगतान सात दिनों के भीतर, कार्य की मांग के 15 दिनों के भीतर उपलब्ध कराने, प्रशासनिक व्यय की सीमा 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 9 प्रतिशत करने तथा 60 दिनों के कृषि विराम के प्रावधान को यथावत रखा गया है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे ने बताया कि मिशन के तहत जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना विकास, आजीविका संवर्धन, कौशल विकास और विकसित ग्राम पंचायत योजना को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही जीआईएस आधारित मॉनिटरिंग, ई-केवाईसी और बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए जिले के सातों विकासखंडों से चयनित ग्राम रोजगार सहायकों एवं तकनीकी सहायकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण भी किया गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विश्वास जताया कि वीबी-जी रामजी मिशन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देगा, रोजगार के अवसरों का विस्तार करेगा और गांवों के समग्र विकास को नई दिशा प्रदान करेगा।
रिपोर्टर : किशोर कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज




