लखीराम ऑडिटोरियम में गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह, 5 एल्डरमैन ने ग्रहण किया पदभार
खरसिया। खरसिया नगर पालिका के लखीराम ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य एवं गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह में नगर पालिका के नव नियुक्त 5 एल्डरमैन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर जनसेवा का संकल्प लिया। समारोह उत्साह, जनसमर्थन और विकास के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।
खरसिया प्रभारी एसडीएम भगत मैडम ने नव नियुक्त एल्डरमैन श्रीमती सरिता सहिस, शशिभूषण राठौर, रतन अग्रवाल, संजय अग्रवाल एवं राकेश धृतलहरे को विधिवत पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ के बाद सभी एल्डरमैन ने नगरहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ईमानदारी, पारदर्शिता और जनकल्याण के लिए कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती संयोगिता उद्धवीर सिंह जूदेव ने सभी नव नियुक्त एल्डरमैन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर के विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की जिम्मेदारी अब नई टीम के कंधों पर है।
समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, वरिष्ठ भाजपा नेता गिरधर गुप्ता, गोपाल शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में कहा कि नगर के विकास को नई गति देने के लिए सभी जनप्रतिनिधि मिलकर कार्य करेंगे।
इस अवसर पर छाया विधायक महेश साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रविंद्र गबेल, वरिष्ठ नेता सनत नायक, जनपद उपाध्यक्ष डॉ. हितेश गबेल, नगर भाजपा अध्यक्ष विजय शर्मा, महामंत्री मनीष रावल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
शपथ ग्रहण के बाद सभी नव नियुक्त एल्डरमैन का पुष्पहार एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। पूरे समारोह में उत्साह का माहौल रहा और उपस्थित लोगों ने विश्वास जताया कि नई टीम के जुड़ने से खरसिया नगर पालिका विकास, जनसेवा और सुशासन के नए आयाम स्थापित करेगी।





