भूपदेवपुर थाना प्रभारी बने रोशन कौशिक, पत्रकार महासंघ छत्तीसगढ ने किया भव्य स्वागत
रायगढ़। जिले के पुलिस विभाग में हुए प्रशासनिक फेरबदल के तहत निरीक्षक रोशन कौशिक ने भूपदेवपुर थाना प्रभारी के रूप में अपना पदभार ग्रहण किया। नई जिम्मेदारी संभालने के उपरांत पत्रकार महासंघ छत्तीसगढ़, जिला रायगढ़ के पदाधिकारियों ने थाना पहुंचकर पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया तथा सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पत्रकार महासंघ छत्तीसगढ़, जिला रायगढ़ के जिला अध्यक्ष किशोर कुमार चौहान, जिला महासचिव संजय गुप्ता एवं जिला सचिव यशोदा यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि थाना प्रभारी रोशन कौशिक के नेतृत्व में भूपदेवपुर थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगेगा तथा आम नागरिकों को त्वरित, निष्पक्ष एवं संवेदनशील पुलिस सेवा प्राप्त होगी।
पत्रकार महासंघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि पुलिस और पत्रकारिता लोकतंत्र के दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। दोनों का उद्देश्य जनहित, पारदर्शिता, सामाजिक सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूत करना है। पुलिस और मीडिया के सकारात्मक समन्वय से जनता का विश्वास और अधिक सशक्त होता है तथा समाज में शांति एवं कानून का राज कायम रहता है।
थाना प्रभारी रोशन कौशिक ने स्वागत एवं सम्मान के लिए पत्रकार महासंघ के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जनता की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा और थाना क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।