मुख्य मार्ग पर पानी ही पानी, लखनपुर चौक पर दुर्घटना का खतरा बढ़ा
05 जुलाई 2026
जांजगीर-चांपा। लगातार हो रही बारिश के कारण जांजगीर-चांपा मुख्य मार्ग स्थित लखनपुर चौक के पास सड़क पर भारी जलभराव हो गया है। सड़क पर कई फीट तक पानी भर जाने से राहगीरों, दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण सड़क की स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में इस स्थान पर जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। सड़क पर पानी जमा होने से छोटे वाहन फिसलने का खतरा बना रहता है, वहीं पैदल चलने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए और सड़क पर जमा पानी को तत्काल हटाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि आमजन को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
बारिश के मौसम में इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
बाइलाइन:
नोहर लाल सारथी