कांग्रेस नेता धनंजय बायाल और संजय चौहान के नेतृत्व में तेलीकोट में गरजा जनाक्रोश, जंतर-मंतर के छात्रों के समर्थन में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की उठी मांग
खरसिया/तेलीकोट। खरसिया ब्लॉक के ग्राम तेलीकोट में बुधवार को कांग्रेस नेताओं धनंजय बायाल एवं संजय चौहान के नेतृत्व में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध और नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्र-छात्राओं के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। देशभर में जंतर-मंतर पर परीक्षा संबंधी मुद्दों को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच यह मांग राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि कई दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र-छात्राएं अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज सुनने के बजाय मौन बनी हुई है।
कांग्रेस नेता धनंजय बायाल ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़ा यह मुद्दा केवल छात्रों का नहीं बल्कि पूरे देश का है। वहीं संजय चौहान ने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक कांग्रेस उनके संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने "छात्रों को न्याय दो", "युवा विरोधी नीति बंद करो", "शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो" जैसे नारे लगाए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे और सभी ने परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्ष जांच तथा छात्रों के हितों की रक्षा की मांग की।

