खरसिया सिविल अस्पताल में बवासीर के ऑपरेशन के बाद युवक की मौत: एक माह बाद भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं, परिजनों ने कलेक्टर जनदर्शन में लगाई न्याय की गुहार, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग।
खरसिया/रायगढ़, 27 जुलाई।
खरसिया सिविल अस्पताल में बवासीर के ऑपरेशन के दौरान हुई युवक तामेश्वर शर्मा (प्रदुम) की मौत के मामले में मृतक के पिता राजेंद्र प्रसाद ने सोमवार को रायगढ़ कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने तथा कथित रूप से लापरवाही के आरोपित चिकित्सकों एवं संबंधित स्टाफ के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि 25 जून 2026 को सिविल अस्पताल खरसिया में बवासीर का ऑपरेशन डॉ. विक्रम राठिया एवं डॉ. सजन अग्रवाल द्वारा किया गया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकीय लापरवाही के कारण युवक की मृत्यु हो गई। इसके बाद उसे रायगढ़ रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने बताया कि उसकी मृत्यु पहले ही हो चुकी थी।
पीड़ित परिवार ने यह भी बताया कि घटना के बाद खरसिया पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई थी तथा जनआक्रोश के बाद प्रशासन ने जांच और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया था। ज्ञापन में कहा गया है कि मेडिकल कॉलेज की टीम द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बावजूद अब तक रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई है।
परिजनों ने कलेक्टर से मांग की है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराई जाए तथा जांच पूरी कर दोषी चिकित्सकों एवं संबंधित स्टाफ के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
