-->
बिलासपुर में टी.एस. सिंहदेव से मिले कांग्रेस नेता संजय चौहान व धनंजय बयाल, NEET पेपर लीक, छात्रों के भविष्य और परीक्षा व्यवस्था का मुद्दा उठाया

बिलासपुर में टी.एस. सिंहदेव से मिले कांग्रेस नेता संजय चौहान व धनंजय बयाल, NEET पेपर लीक, छात्रों के भविष्य और परीक्षा व्यवस्था का मुद्दा उठाया







बिलासपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव (टी.एस. बाबा) से बिलासपुर में ब्लॉक कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष संजय चौहान एवं ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष धनंजय बयाल ने शिष्टाचार भेंट कर देश में प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता, NEET परीक्षा से जुड़े विवाद तथा छात्रों के भविष्य के मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की।


मुलाकात के दौरान संजय चौहान एवं धनंजय बयाल ने कहा कि NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक जैसे मामलों ने लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों का विश्वास प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि वर्षों की कड़ी मेहनत करने वाले विद्यार्थियों के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा संबंधी विवादों और मानसिक दबाव के बीच देश में कुछ छात्रों द्वारा आत्महत्या जैसी दुखद घटनाएं भी सामने आई हैं, जो पूरे समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।


दोनों कांग्रेस नेताओं ने टी.एस. सिंहदेव से आग्रह किया कि छात्रों के हितों से जुड़े इस गंभीर विषय को विधानसभा सहित संसद के उपयुक्त मंचों पर मजबूती से उठाया जाए, ताकि परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह बनाया जा सके। उन्होंने मांग की कि यदि किसी भी परीक्षा में अनियमितता या पेपर लीक की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए।


संजय चौहान ने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य किसी भी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होना चाहिए। प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता पर प्रश्न उठना लाखों परिवारों की उम्मीदों पर चोट पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि छात्रों का विश्वास बहाल करने के लिए पारदर्शी जांच और समयबद्ध कार्रवाई आवश्यक है।


धनंजय बयाल ने कहा कि युवाओं की मेहनत और प्रतिभा का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली ऐसी होनी चाहिए, जिसमें ईमानदारी से तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को न्याय मिले और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित हो।


टी.एस. सिंहदेव ने दोनों नेताओं की बातों को गंभीरता से सुना। इस दौरान छात्रों के हितों की रक्षा, परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article