मंदिर चोरी कांड का खुलासा: 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा
05 अगस्त 2026
संवाददाता: सूर्य भारत | नोहर लाल सारथी
जांजगीर-चांपा। मंदिरों में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों और एक विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया है। पुलिस की संयुक्त टीम ने घटना के बाद घटनास्थल से लेकर संभावित आवाजाही मार्गों तक 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की गहन जांच की। जांच के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार चार युवकों की गतिविधियां सामने आईं, जिसके आधार पर साइबर तकनीक और मैनुअल इनपुट की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि घटना से एक दिन पहले उन्होंने मंदिरों की रेकी कर चोरी की योजना बनाई थी। उनकी निशानदेही पर चोरी गया सामान, ताले काटने में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक कटर तथा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे भारी कर्ज में डूबे हुए थे, जिसके चलते उन्होंने चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपी:
प्रशांत पटेल (23 वर्ष), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
प्रभात पटेल (18 वर्ष), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
परमानंद पटेल (25 वर्ष), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
एक विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी और विशेष अभियान जारी रहेंगे।