गुरु रविदास जयंती पर सीएम साय की 5 बड़ी घोषणाएं
/बलरामपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश में सामाजिक समरसता और संत रविदास के विचारों के सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पांच महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री ने गुरु रविदास जयंती पर प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित करने, इस दिन पूरे राज्य में मांस एवं मदिरा की दुकानों को बंद रखने, संत रविदास के नाम पर राज्य स्तरीय प्रतिष्ठित अलंकरण पुरस्कार स्थापित करने, नवा रायपुर के एक प्रमुख चौक का नाम 'संत रविदास चौक' रखने तथा छत्तीसगढ़ विधानसभा में संत रविदास का संदेश अंकित कराने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं का भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा बलरामपुर के जिला महामंत्री राजेश भारती ने स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने अपने जीवन और शिक्षाओं के माध्यम से समानता, सामाजिक न्याय, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। राज्य सरकार के ये फैसले उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।
राजेश भारती ने रायपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय कलश वंदन अभियान में शामिल होने के बाद कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संत रविदास के सम्मान में जो घोषणाएं की हैं, वे अनुसूचित जाति समाज के लिए गौरव का विषय हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल औपचारिक घोषणाएं नहीं हैं, बल्कि समाज के सम्मान और सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने वाले निर्णय हैं। इनसे नई पीढ़ी को संत रविदास के जीवन, संघर्ष और आदर्शों से प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, छत्तीसगढ़ सरकार तथा भाजपा संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अनुसूचित जाति समाज इन निर्णयों का स्वागत करता है और उन्हें समाज के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार के इन फैसलों से सामाजिक समरसता को नई मजबूती मिलेगी और संत रविदास के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार होगा।
इस अवसर पर मोरेलाल दोहरे, सरवन भारती, राजेश सोनवानी, सुधीर सोनवानी, रघुनाथ रवि, गोरेलाल भारती, सुरेश बर्मा सहित भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारी एवं समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।