करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम में छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी
25 अगस्त 2026
बिलासपुर। जरहाभाठा मंदिर चौक स्थित शासकीय पोस्ट मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास परिसर में प्रगतिशील आदिवासी कल्याण समिति, बिलासपुर संभाग द्वारा करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, करियर चयन तथा साइबर सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पुलिस अधीक्षक, सिविल लाइन बिलासपुर श्री परमेश्वर तिलकवार रहे। विशिष्ट अतिथि श्रीमती कृतिका मरावी, सहायक आयुक्त राज्य कर तथा श्री केशव मरावी, वाणिज्य कर निरीक्षक राज्य कर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुकुंद सिंह नेताम ने की। मंच संचालन समिति के सचिव एवं वरिष्ठ छात्रावास अधीक्षक धनेश्वर सिंह नेताम ने किया, जबकि श्री सुरेंद्र कुमार मार्को, सहायक आंतरिक लेखा अधिकारी बिलासपुर ने आभार व्यक्त किया।
अध्यक्षीय संबोधन में मुकुंद सिंह नेताम ने समिति के कार्यों, उद्देश्यों एवं प्रस्तावना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सही दिशा और मार्गदर्शन मिलना आवश्यक है।
विशिष्ट अतिथि श्रीमती कृतिका मरावी ने सीजीपीएससी, सीजी व्यापम (CGSSB), बैंकिंग, रेलवे सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के तरीके बताए। उन्होंने परीक्षा की तैयारी के लिए नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, पाठ्यक्रम की समझ और निरंतर अभ्यास को महत्वपूर्ण बताया तथा विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी।
मुख्य अतिथि श्री परमेश्वर तिलकवार ने पुलिस विभाग द्वारा संचालित “साइबर जागृति अभियान” के तहत विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराधों से बचाव तथा डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। विद्यार्थियों ने अभियान के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के साथ सेल्फी जोन में सेल्फी ली तथा साइबर जागृति अभियान से संबंधित गूगल फॉर्म भी भरा।
विशिष्ट अतिथि श्री केशव मरावी ने विभिन्न विषयों पर सरल एवं बिंदुवार जानकारी देते हुए कहा कि शिक्षा और सही करियर मार्गदर्शन ही वह कुंजी है, जिससे आदिवासी समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में छात्रावास अधीक्षक प्रेस कुमार राय, वरिष्ठ एवं पूर्व छात्र सीताराम राज, जितेंद्र कुमार ध्रुव, हिमांशु टेकाम, मनीषा मरावी, आरती राज, रमेश बिंझवार, नकुल पोर्ते, आशीष ध्रुव, समिति के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम से विद्यार्थियों को करियर निर्माण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ साइबर सुरक्षा संबंधी उपयोगी जानकारी मिली। सही मार्गदर्शन प्राप्त कर छात्र-छात्राओं में उत्साह एवं हर्ष का माहौल रहा।