श्रावणी मेला के सफल संचालन पर मीडिया कर्मियों का सम्मान, उपायुक्त और एसपी ने जताया आभार
30 अगस्त 2026
साइंस वाणी न्यूज़ देवघर से अरविन्द यादव की रिपोर्ट
देवघर।
राजकीय श्रावणी मेला 2026 के सफल एवं सुरक्षित संचालन के बाद सूचना भवन, देवघर के सभागार में मीडिया सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से की।
इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि मेले का सफल संचालन प्रशासन, पुलिस, मेला कर्मियों और मीडिया के सामूहिक सहयोग से संभव हुआ। उन्होंने कहा कि मीडिया ने मेले के दौरान सकारात्मक पत्रकारिता करते हुए पल-पल की सूचनाएं आम लोगों तक पहुंचाईं और प्रशासन का सहयोग किया।
एसपी प्रवीण पुष्कर ने कानून-व्यवस्था एवं भीड़ प्रबंधन में मीडिया के सहयोग की सराहना की। उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा और एसडीओ देवघर रवि कुमार ने भी पत्रकारों के योगदान के लिए आभार जताया।
समारोह में विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र, शॉल और मीडिया किट देकर सम्मानित किया गया। पत्रकारों ने भी मेला व्यवस्था और प्रशासन के बेहतर समन्वय की सराहना की।