-->
तिरंगे के रंग में रंगा धरमजयगढ़, देशभक्ति के नारों से गूंजा नगर,निकला भव्य यात्रा!

तिरंगे के रंग में रंगा धरमजयगढ़, देशभक्ति के नारों से गूंजा नगर,निकला भव्य यात्रा!



साइंस वाणी न्यूज़ धरमजयगढ़/कापू 
धरमजयगढ़। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत धरमजयगढ़ नगर में आज गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में लहराता तिरंगा, चेहरों पर देशभक्ति का उत्साह और वातावरण में गूंजते राष्ट्रभक्ति के नारों ने पूरे नगर को मानो राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। वहीं तिरंगा यात्रा में आदर्श उर्सुलाइन, ज्योति विद्या मंदिर, स्वामी आत्मानंद विद्यालय, एकलव्य विद्यालय, शासकीय महाविद्यालय सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं, प्रोफेसरों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। इस दौरान धरमजयगढ़ एसडीएम, तहसीलदार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी सहित नगर के अनेक जनप्रतिनिधि पदाधिकारी, स्थानीय मीडियाकर्मी एवं कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल हुए।
बता दें,तिरंगा यात्रा का शुभारंभ नगर के दशहरा मैदान से हुआ। विशाल तिरंगा थामे विद्यार्थी और नागरिक देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे। यात्रा दशहरा मैदान से सिविल लाइन अस्पताल चौक से होते हुए बस स्टैंड, गांधी चौक पहुंची और नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः दशहरा मैदान में पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया।
वहीं तिरंगा यात्रा के दौरान “मेरा भारत देश महान”, “विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा” जैसे देशभक्ति के नारों से धरमजयगढ़ का वातावरण गूंजता रहा। तिरंगे की शान में उठते स्वर और कदम-कदम पर दिखाई देता राष्ट्रप्रेम लोगों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार कर रहा था। और वहीं तिरंगा यात्रा में शामिल विद्यार्थियों के साथ-साथ सड़क किनारे खड़े दर्शकों में भी देश और तिरंगे के प्रति गहरा उत्साह देखने को मिला। कहीं हाथों में तिरंगा लहराता नजर आया तो कहीं लोग देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा का उत्साह बढ़ाते दिखाई दिए।कुल मिलाकर कहें तो आज धरमजयगढ़ नगर का दृश्य बेहद मनोहारी रहा। ऐसा प्रतीत हुआ मानो पूरा नगर तिरंगे की आन, बान और शान में एकाकार हो गया हो और हर कदम राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर होकर भारत माता के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त कर रहा हो।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article