-->
रामनवमी शोभायात्रा के आय-व्यय का प्रस्तुत किया गया लेखा-जोखा, नाग पंचमी पर भव्य दंगल के आयोजन की तैयारियों पर हुई विशेष चर्चा

रामनवमी शोभायात्रा के आय-व्यय का प्रस्तुत किया गया लेखा-जोखा, नाग पंचमी पर भव्य दंगल के आयोजन की तैयारियों पर हुई विशेष चर्चा

  हनुमान मंदिर सेवा समिति, भटगांव की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार रात्रि हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष नन्द कुमार उपाध्याय ने की, जबकि संचालन सचिव सुनील शर्मा ने किया। बैठक में कोषाध्यक्ष चंदन चौधरी, समिति के सदस्य विजय राजवाड़े, संजय उपाध्याय, जितेंद्र ठाकुर, राजकुमार सिंह तथा नवमनोनीत सदस्य वीरेंद्र गुप्ता एवं संजय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत भगवान श्रीराम के जयघोष के साथ हुई। इसके बाद समिति द्वारा इस वर्ष आयोजित श्रीराम नवमी शोभायात्रा के आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। कोषाध्यक्ष चंदन चौधरी ने आय एवं व्यय का पूरा विवरण सदस्यों के समक्ष रखा। सभी सदस्यों ने आय-व्यय की समीक्षा कर पारदर्शी वित्तीय व्यवस्था की सराहना की तथा सर्वसम्मति से लेखा-जोखा का अनुमोदन किया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समिति के प्रत्येक बड़े धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन के बाद इसी प्रकार सदस्यों के समक्ष आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे समिति की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जनविश्वास बना रहे।

बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी 17 अगस्त को नाग पंचमी के अवसर पर आयोजित होने वाली भव्य कुश्ती (दंगल) प्रतियोगिता रहा। इस अवसर पर प्रतियोगिता को पहले से अधिक भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक में अखाड़े की तैयारी, प्रदेश एवं आसपास के जिलों से नामी पहलवानों को आमंत्रित करने, पुरस्कार वितरण, मंच व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग तथा दर्शकों के बैठने की समुचित व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन की सफलता के लिए अलग-अलग समितियों का गठन कर सदस्यों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।

अध्यक्ष नन्द कुमार उपाध्याय ने कहा कि नाग पंचमी पर आयोजित होने वाला दंगल क्षेत्र की वर्षों पुरानी सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा का प्रतीक है। समिति का उद्देश्य इस आयोजन को भव्य, अनुशासित एवं यादगार बनाना है, ताकि क्षेत्र की पहचान और अधिक मजबूत हो। सचिव सुनील शर्मा ने बताया कि हनुमान मंदिर में प्रत्येक मंगलवार को नियमित रूप से सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ आयोजित किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से धार्मिक आयोजनों एवं नाग पंचमी के दंगल में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

बैठक के दौरान नवमनोनीत सदस्य वीरेंद्र गुप्ता एवं संजय गुप्ता का समिति की ओर से स्वागत किया गया। अंत में सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एकजुट होकर नाग पंचमी के भव्य दंगल को ऐतिहासिक सफलता दिलाने का संकल्प लिया तथा क्षेत्रवासियों से आयोजन में सहयोग और सहभागिता की अपील की।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article