महाराजा खेत सिंह जूदेव प्रवेश द्वार का भव्य उद्घाटन, बाइक रैली में उमड़ा खंगार समाज
30 अगस्त 2026
महाराजा खेत सिंह जूदेव प्रवेश द्वार का भव्य उद्घाटन, बाइक रैली में उमड़ा खंगार समाज
ललितपुर। क्षत्रिय खंगार समाज के गौरव और वीरता के प्रतीक महाराजा खेत सिंह जूदेव की जयंती के अवसर पर रविवार को विधानमंडल क्षेत्र विकास निधि से निर्मित महाराजा खेत सिंह जूदेव प्रवेश द्वार का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में खंगार समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए महाराजा खेत सिंह जूदेव के आदर्शों और उनके गौरवशाली इतिहास को याद किया। कार्यक्रम की शुरुआत तुवन प्रांगण से बाइक रैली के साथ हुई। खंगार समाज के जिला अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह परिहार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाज के युवा एवं गणमान्य लोग बाइक रैली में शामिल हुए। रैली तुवन प्रांगण से रवाना होकर ग्राम खिरिया मिश्र पहुंची, जहां नवनिर्मित प्रवेश द्वार का विधिवत एवं भव्य उद्घाटन किया गया। बाइक रैली के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रवेश द्वार का उद्घाटन सदर विधायक श्री राम रतन कुशवाहा एडवोकेट ने किया। कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष महानगर झांसी हेमंत परिहार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों एवं समाज के पदाधिकारियों ने महाराजा खेत सिंह जूदेव के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर क्षत्रिय खंगार समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री रमेश नाना, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष कप्तान सिंह, भानु ठाकुर, वीर सिंह, संजू परिहार सहित समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जिला सहकारी बैंक के उपसभापति श्रीकांत कुशवाहा ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। इसके अलावा जाखलौन मंडल अध्यक्ष देशपद कुशवाहा एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष श्याम बिहारी कौशिक सहित खंगार समाज के बड़ी संख्या में युवा साथी कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने महाराजा खेत सिंह जूदेव के जीवन, संघर्ष, शौर्य और समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की स्मृति में निर्मित स्मारक एवं प्रवेश द्वार आने वाली पीढ़ियों को अपने गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने का कार्य करते हैं। समाज के लोगों ने युवाओं से महाराजा खेत सिंह जूदेव के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। प्रवेश द्वार के निर्माण को समाज के लोगों ने गौरव का विषय बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में आने वाले लोगों को महाराजा खेत सिंह जूदेव की वीरगाथा और खंगार समाज के इतिहास की जानकारी मिलेगी। जयंती के अवसर पर आयोजित बाइक रैली और उद्घाटन कार्यक्रम में युवाओं की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने समाज की एकजुटता, भाईचारे और सामाजिक उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। आयोजन के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।
चरन सिंह प्रभारी उत्तर प्रदेश एवं मनीषा विशेष संवाददाता उत्तर प्रदेश