-->
चौहान समाज के युवाओं ने किया वृहद वृक्षारोपण, शिक्षा, रक्तदान एवं सामाजिक एकता का दिया संदेश

चौहान समाज के युवाओं ने किया वृहद वृक्षारोपण, शिक्षा, रक्तदान एवं सामाजिक एकता का दिया संदेश


रायगढ़। चौहान समाज के युवा वर्ग द्वारा एनएच-49 झारसुगुड़ा रोड स्थित टोल प्लाजा के समीप वृहद वृक्षारोपण एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान रहे। उन्होंने पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने चौहान समाज के युवाओं की इस सराहनीय पहल की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे जनहितकारी अभियान समाज को नई दिशा देने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित भविष्य की मजबूत नींव रखते हैं। उन्होंने सभी से वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेने का आग्रह किया।


कार्यक्रम में रायगढ़ जिले के विभिन्न क्षेत्रों से चौहान समाज के सामाजिकजन, युवा एवं महिलाएँ बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया तथा निर्णय लिया कि पर्यावरण संरक्षण एवं समाजहित के ऐसे कार्यक्रम प्रत्येक माह आयोजित किए जाएंगे।


कार्यक्रम के दौरान व्याख्याता गजेंद्र चौहान एवं शिक्षक कुलमणि महानदिया ने समाज के बच्चों की शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए उपस्थित सामाजिकजनों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति शिक्षा से ही संभव है। प्रत्येक परिवार को अपने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाकर उन्हें संस्कारी, शिक्षित एवं आत्मनिर्भर नागरिक बनाने का संकल्प लेना चाहिए।


इसके पश्चात चौहान समाज महिला प्रकोष्ठ की कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती विजयलक्ष्मी चौहान ने महिलाओं की शिक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं संगठन में उनकी भागीदारी पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की सक्रिय भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। समाजहित में उनके निरंतर समर्पण एवं सक्रिय कार्यों की उपस्थित लोगों ने सराहना की।


वहीं प्रदीप चौहान ने अपने संबोधन में समाज की एकता, भाईचारे एवं संगठन की मजबूती पर विशेष बल देते हुए सभी सामाजिकजनों से एकजुट होकर समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही विकास की नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर सकता है।


इसी क्रम में चौहान समाज के युवा कार्यकर्ता शशिभूषण चौहान ने समाज के युवाओं से रक्तदान के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया तथा 50 युवाओं का रक्तदाता जागरूक संगठन बनाने की पहल की। उन्होंने कहा कि "रक्तदान महादान है" और समय पर किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने अपील की कि यदि किसी भी व्यक्ति को रक्त की आवश्यकता हो, तो वह सीधे उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क कर सकता है। साथ ही सभी युवाओं से नियमित रक्तदान करने एवं अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ने का आग्रह किया। उपस्थित समाजजनों ने उनकी इस जनसेवा की पहल का जोरदार स्वागत किया।


इसी अवसर पर अम्बेडकर पब्लिक स्कूल, मसनिया कला के डायरेक्टर बी. डी. चौहान ने घोषणा करते हुए कहा कि यदि चौहान समाज द्वारा रायगढ़ जिले में विद्यालय संचालन हेतु भवन उपलब्ध कराया जाता है, तो उनके द्वारा डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी के नाम से एक विद्यालय की स्थापना की जाएगी, जहाँ चौहान समाज के जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज को नई दिशा और नई पहचान दिलाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उनकी इस घोषणा का उपस्थित समाजजनों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया और इसे समाज के शैक्षणिक विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी पहल बताया।



इस सफल आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप देने में अनूप चौहान, शशि चौहान, उत्तम चौहान एवं मेंदनी चौहान का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम की संपूर्ण योजना, समन्वय एवं व्यवस्थाओं के सफल संचालन में उनके समर्पण, मेहनत एवं नेतृत्व की सभी ने भूरि-भूरि प्रशंसा की और उनके प्रयासों को कार्यक्रम की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया।


वृक्षारोपण कार्यक्रम के उपरांत सभी उपस्थित सामाजिकजनों के लिए प्रीति भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी ने आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द के वातावरण में भोजन ग्रहण किया तथा भविष्य में भी समाजहित, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और जनसेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।


अंत में अनूप चौहान एवं उत्तम चौहान ने संयुक्त रूप से सभी मुख्य अतिथियों, समाज के वरिष्ठजनों, महिला प्रकोष्ठ, युवाओं तथा दूर-दराज़ से पधारे सभी सामाजिकजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी के सहयोग, उत्साह एवं सहभागिता के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि समाज की यही एकता और सहयोग की भावना भविष्य में भी ऐसे जनहित एवं समाजहित के कार्यों को नई ऊर्जा प्रदान करती रहेगी।


कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, रक्तदान एवं सामाजिक एकता के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि चौहान समाज आगे भी इसी प्रकार समाज एवं राष्ट्रहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता निभाता रहेगा।

खास रिपोर्ट 

बी डी चौहान ब्यूरो चीफ जिला सक्ती 

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article