बिर्रा के ग्रामीण बैंक का पहुंच मार्ग बना तालाब* *बरसाती पानी और कीचड़ से राहगीर परेशान, जिम्मेदार मौन
18 अगस्त 2026
_संवाददाता: सरिता, साइंस वाणी न्यूज छत्तीसगढ़_
_जांजगीर-चांपा_
*बिर्रा।* जनपद पंचायत बम्हनीडीह अंतर्गत सबसे अधिक राजस्व देने वाली ग्राम पंचायत बिर्रा की एक बड़ी समस्या इन दिनों चर्चा में है। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक शाखा बिर्रा के ठीक सामने का पहुंच मार्ग बरसाती पानी के जमाव से तालाब में तब्दील हो गया है।
बैंक में लेन-देन करने आने वाले उपभोक्ताओं, भाटापारा और इंडेन गैस एजेंसी जाने वाले राहगीरों को रोजाना कीचड़ और पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। सड़क पर इतना पानी भरा है कि समझ ही नहीं आ रहा कि तालाब के बीच सड़क है या सड़क के बीच तालाब।
स्कूली बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी मार्ग से सरस्वती शिशु मंदिर बिर्रा के छोटे-छोटे बच्चे रोजाना आना-जाना करते हैं। कीचड़ और फिसलन के कारण बच्चों और बुजुर्गों के साथ दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। बैंक ग्राहकों को भी वाहन खड़ा करने और अंदर जाने में भारी दिक्कत हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत के बाद भी जिम्मेदारों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। न तो पानी निकासी की व्यवस्था है और न ही सड़क की मरम्मत हो रही है।
पंचायत सचिव ने दिया आश्वासन
इस संबंध में ग्राम पंचायत बिर्रा के सचिव रोहित पटेल ने कहा कि "छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के सामने पहुंच मार्ग पर बने तालाब जैसे गड्ढे और कीचड़ में डस्ट डलवाकर शीघ्र ही व्यवस्था बनाई जाएगी।"
अब देखना होगा कि पंचायत का यह आश्वासन कब तक धरातल पर उतरता है।