-->
धरमजयगढ़ के विजयनगर अस्पताल का जिला मलेरिया अधिकारी ने किया निरीक्षण, मलेरिया नियंत्रण गतिविधियों की समीक्षा, मरीजों को बांटी मच्छरदानियां

धरमजयगढ़ के विजयनगर अस्पताल का जिला मलेरिया अधिकारी ने किया निरीक्षण, मलेरिया नियंत्रण गतिविधियों की समीक्षा, मरीजों को बांटी मच्छरदानियां

साइंस वाणी न्यूज़ धरमजयगढ़/कापू :- राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. टी. जी. कुलवेदी एवं जिला मलेरिया प्रभारी पर्यवेक्षक गौतम सिदार ने विकासखंड धरमजयगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र विजयनगर (सिविल हॉस्पिटल) का निरीक्षण एवं क्षेत्रीय भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान जिला मलेरिया अधिकारी ने अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों सहित पॉजिटिव मरीजों को मच्छरदानियों का वितरण किया। साथ ही मलेरिया नियंत्रण एवं रोकथाम से संबंधित गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान मलेरिया जांच व्यवस्था, पॉजिटिव मरीजों के समयबद्ध एवं पूर्ण उपचार, दवा एवं जांच किट की उपलब्धता, फील्ड सर्विलांस, संवेदनशील ग्रामों में नियमित निगरानी तथा स्रोत नियंत्रण गतिविधियों का गहन जायजा लिया गया।
बारिश के मौसम में हर बुखार पीड़ित की जांच के दिए निर्देश, IHIP रिपोर्टिंग पर भी जोर

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वर्षा ऋतु में मलेरिया के संभावित प्रकोप को देखते हुए प्रत्येक बुखार पीड़ित व्यक्ति की अनिवार्य रूप से जांच की जाए तथा पॉजिटिव मरीजों का तत्काल एवं पूर्ण उपचार सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित भ्रमण, जनजागरूकता गतिविधियों का संचालन, मच्छर नियंत्रण उपायों को प्रभावी बनाने तथा आईएचआईपी (IHIP) रिपोर्टिंग की सतत निगरानी करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी संभावित संक्रमण की समय रहते पहचान कर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

जिला मलेरिया अधिकारी और खंड चिकित्सा अधिकारी ने जनता से की अपील

जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. टी. जी. कुलवेदी ने कहा कि मलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए विभागीय कर्मचारियों के साथ-साथ जनसहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि बुखार होने पर तुरंत अपने नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में जाकर जांच कराएं, चिकित्सकीय सलाह के अनुसार पूरा उपचार लें तथा घर एवं आसपास पानी जमा न होने दें, जिससे मच्छरों का प्रजनन रोका जा सके।

निरीक्षण के दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गजानंद राठिया, मलेरिया टेक्निकल सुपरवाइजर अजय कुमार महिलांगे, बीपीएम आनंद कुमार मीरी, बी.ई. विकास चंद मंडल सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गजानंद राठिया ने भी जनता से अनुरोध किया कि बुखार आने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में खून की जांच अवश्य कराएं तथा अपने घर और आसपास की नालियों या अन्य स्थानों पर पानी ठहरने न दें, ताकि मलेरिया एवं अन्य वेक्टर जनित बीमारियों के फैलाव को प्रभावी ढंग से रोका जा सके।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article