परिजनों ने कर्मचारी की पिटाई की, कॉलेज प्रशासन ने पटल से हटाकर मांगा स्पष्टीकरण; विभागीय जांच के आदेश
20 अगस्त 2026
युवती से मोबाइल नंबर मांगना मेडिकल कॉलेज कर्मचारी को पड़ा भारी
परिजनों ने कर्मचारी की पिटाई की, कॉलेज प्रशासन ने पटल से हटाकर मांगा स्पष्टीकरण; विभागीय जांच के आदेश
ललितपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में तैनात एक कर्मचारी को युवती से कथित तौर पर मोबाइल नंबर मांगना और एकांत में बातचीत करना भारी पड़ गया। मामले की जानकारी युवती के परिजनों को होने के बाद उन्होंने कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद मामला मेडिकल कॉलेज प्रशासन तक पहुंचा, जहां कॉलेज प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कर्मचारी को उसके वर्तमान पटल से हटा दिया है।
जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज परिसर में तैनात उक्त कर्मचारी पर आरोप है कि वह एक युवती से मोबाइल नंबर मांग रहा था और उसके साथ एकांत में बातचीत कर रहा था। इस बात की जानकारी जब युवती के परिजनों को हुई तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर कर्मचारी से विवाद किया और उसके साथ मारपीट कर दी। घटना को लेकर कॉलेज परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया। प्रशासन की ओर से कर्मचारी को संबंधित पटल से हटाते हुए उससे पूरे मामले को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही प्रकरण की वास्तविकता सामने लाने के लिए विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।कॉलेज प्रशासन का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा कर्मचारी के आचरण और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।वहीं, इस घटना के बाद मेडिकल कॉलेज में कर्मचारियों के आचरण और कार्यस्थल पर अनुशासन को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संस्थान में अनुशासनहीनता अथवा किसी भी प्रकार के अनुचित आचरण को गंभीरता से लिया जाएगा।
फिलहाल विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि कर्मचारी पर लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और उसके विरुद्ध आगे क्या कार्रवाई की जाती है।
चरन सिंह प्रभारी उत्तर प्रदेश एवं मनीषा विशेष संवाददाता उत्तर प्रदेश