धरमजयगढ़ अंचल के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, DMF से ₹9.03 करोड़ स्वीकृत
धरमजयगढ़। धरमजयगढ़ अंचल में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर बड़ी सौगात मिली है। जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) मद से विभिन्न विकास कार्यों के लिए कुल ₹9 करोड़ 3 लाख 66 हजार 149 की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
स्वीकृति के तहत डाइट धरमजयगढ़ के कायाकल्प के लिए ₹8.73 करोड़, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छाल के लिए ₹25.66 लाख की आधुनिक बीएलएस एम्बुलेंस तथा घरघोड़ा विकासखंड के कुडुमकेला हाईस्कूल में ₹5 लाख की लागत से प्रार्थना शेड का निर्माण कराया जाएगा।
डाइट में पुरुष एवं महिला छात्रावास, आधुनिक सम्मेलन कक्ष, शौचालय खंड सहित विभिन्न निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य किए जाएंगे। वहीं छाल क्षेत्र में आधुनिक एम्बुलेंस उपलब्ध होने से आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को बेहतर एवं समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
इस विकास स्वीकृति पर भाजपा मंडल महामंत्री एवं पूर्व सैनिक भोगेश्वर बेहरा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी तथा रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से विद्यार्थियों, मरीजों, ग्रामीणों और युवाओं को सीधे लाभ मिलेगा।
बेहरा ने कहा कि धरमजयगढ़ जैसे ग्रामीण एवं खनिज प्रभावित क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हो रहा निवेश आने वाले समय में विकास की मजबूत नींव तैयार करेगा। उन्होंने शासन के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे अंचल के लिए महत्वपूर्ण विकासात्मक उपलब्धि बताया।