पीएससी परीक्षा को लेकर कांग्रेस की प्रेसवार्ता, 1:3 के नियम का पालन करने की मांग265 पदों के लिए 795 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू में बुलाने की मांग, उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध कराने की उठाई आवाज
17 सितंबर 2026
बसंत प्रधान जिला संवाददाता कांकेर
कांकेर। राजीव भवन कांकेर में आज कांग्रेस द्वारा छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की राज्य सेवा परीक्षा को लेकर प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य राजेश तिवारी ने संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने पीएससी परीक्षा की चयन एवं मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्ष 2025 में पीएससी द्वारा 265 पदों के लिए भर्ती निकाली गई थी। कांग्रेस के अनुसार 1:3 के अनुपात के आधार पर 795 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाना चाहिए था, लेकिन मुख्य परीक्षा के बाद 608 अभ्यर्थियों को ही इंटरव्यू के लिए चयनित किया गया। कांग्रेस ने 187 अभ्यर्थियों के न्यूनतम अंक नहीं ला पाने के आयोग के तर्क पर सवाल उठाते हुए पूरी प्रक्रिया को स्पष्ट करने की मांग की।
कांग्रेस ने मांग रखी कि साक्षात्कार से पहले अभ्यर्थियों को उनकी उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध कराई जाएं, मूल्यांकन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए तथा मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन कराया जाए। साथ ही मूल्यांकनकर्ताओं के लिए स्पष्ट मानदंड तय करने और मॉडल उत्तर जारी करने की भी मांग की गई।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने वर्ष 2024 की मुख्य परीक्षा में भी कथित मूल्यांकन संबंधी अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। कांग्रेस ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मामले में पारदर्शिता जरूरी है और अभ्यर्थियों की शिकायतों का निराकरण किया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि CGPSC की राज्य सेवा परीक्षा-2025 में 265 पदों के लिए दस्तावेज सत्यापन एवं साक्षात्कार का कार्यक्रम निर्धारित था, जिसे आयोग ने 16 सितंबर को अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया है। नई तारीखें बाद में जारी की जानी हैं।