शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए शिक्षिका कांति लीलाधर सिदार सम्मानित
06 सितंबर 2026
संवाददाता – संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़, लैलूंगा
लैलूंगा। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए विकासखंड लैलूंगा के ग्राम सुबरा निवासी शिक्षिका श्रीमती कांति लीलाधर सिदार को “शिक्षा दूत सम्मान” एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें माननीय वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दीपक सिदार के कर-कमलों से प्रदान किया गया।
श्रीमती कांति लीलाधर सिदार प्राथमिक शाला गेरूपानी, संकुल केंद्र केकराझरिया, विकासखंड लैलूंगा में शिक्षण कार्य से जुड़ी हुई हैं। वे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनमें शिक्षा के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में उनके समर्पित प्रयासों एवं उल्लेखनीय सेवाओं को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान समारोह के दौरान शिक्षा के माध्यम से समाज एवं नई पीढ़ी के निर्माण में उनके योगदान की सराहना की गई।
सम्मान प्राप्त होने पर उनके पति श्री लीलाधर सिदार सहित क्षेत्र के शिक्षकों, ग्रामीणों, अभिभावकों एवं शुभचिंतकों ने श्रीमती कांति लीलाधर सिदार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। लोगों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के लिए समर्पित होकर कार्य करने वाली शिक्षिका को इस प्रकार सम्मानित किया जाना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
ग्राम सुबरा सहित लैलूंगा क्षेत्र के लोगों का कहना है कि ऐसे सम्मान से शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने वाले शिक्षकों का उत्साह बढ़ता है तथा अन्य शिक्षकों को भी बेहतर एवं समर्पित कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
उल्लेखनीय है कि श्रीमती कांति लीलाधर सिदार इससे पूर्व भी संकुल, ब्लॉक एवं जिला स्तर पर राज्य शासन द्वारा संचालित “विनोबा एप” के माध्यम से कई बार पुरस्कृत हो चुकी हैं। शिक्षा के क्षेत्र में लगातार मिल रहे ये सम्मान उनके शिक्षा के प्रति रुचि, लगन एवं समर्पित भाव को दर्शाते हैं। उनकी यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने के साथ-साथ अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणादायी है।