फेसबुक पोस्ट को लेकर कांग्रेस ने थाने में सौंपा आवेदन, कार्रवाई की मांग
19 सितंबर 2026
बसंत प्रधान जिला संवाददाता कांकेर
कांकेर। जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर के अध्यक्ष बसंत यादव के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों ने फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित किए जाने के मामले को लेकर कांकेर थाना प्रभारी को आवेदन सौंपा। आवेदन में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध जांच कर प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने और वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि “Nitish Mandal” नाम से संचालित फेसबुक प्रोफाइल से छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक, अपमानजनक एवं अशोभनीय भाषा का प्रयोग करते हुए पोस्ट प्रसारित की गई है।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने पुलिस से संबंधित फेसबुक पोस्ट, प्रोफाइल और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर पोस्ट करने वाले व्यक्ति की वास्तविक पहचान सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही पोस्ट के URL, पोस्ट किए जाने की तारीख एवं समय तथा उपलब्ध कमेंट/शेयर सहित आवश्यक डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने का आग्रह किया गया।
आवेदन में कथित आपत्तिजनक एवं अपमानजनक भाषा तथा लगाए गए आरोपों की जांच कर, जांच में अपराध पाए जाने पर प्रचलित कानून के तहत FIR दर्ज कर उचित वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की गई है।