लिबरा में श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ श्री विश्वकर्मा प्रतिमा का विसर्जनदो दिवसीय आयोजन में नाटक, खेलकूद एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं ने बांधा समां, युवा संगठन और ग्रामीणों के सहयोग से सफल रहा आयोजन
19 सितंबर 2026
संवाददाता - प्रेमसागर यादव
साइंस वाणी न्यूज़, लैलूंगा
लैलूंगा। लैलूंगा विकासखंड के ग्राम लिबरा में युवा संगठन एवं समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त सहयोग से आयोजित 9वां श्री विश्वकर्मा जयंती समारोह धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेलकूद की गतिविधियों के बीच श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। दो दिवसीय आयोजन के दौरान जहां भगवान श्री विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना एवं प्रतिमा स्थापना की गई, वहीं दूसरे दिन नाटक कार्यक्रम के साथ विभिन्न खेलकूद एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके पश्चात श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ भगवान श्री विश्वकर्मा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
17 सितंबर को हुई प्रतिमा स्थापना
समारोह की शुरुआत 17 सितंबर को भगवान श्री विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापना के साथ हुई। सुबह से ही युवा संगठन के सदस्य एवं ग्रामवासी आयोजन की तैयारियों में जुटे रहे। आयोजन स्थल की साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी की गईं। युवाओं ने अपने-अपने वाहनों की साफ-सफाई कर उन्हें आयोजन स्थल पर लाया, जिसके बाद महाराज द्वारा विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कराई गई।
इस दौरान ग्रामीणों एवं युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे आयोजन स्थल पर धार्मिक वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा से गांव एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
नाटक कार्यक्रम में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
18 सितंबर को समारोह के तहत नाटक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नाटक देखने के लिए ग्राम लिबरा सहित आसपास के क्षेत्रों से भी ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नाटक ने दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक संदेश भी दिया। कार्यक्रम के दौरान देर रात तक दर्शकों की भीड़ बनी रही।
नाटक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष ज्योति भगत उपस्थित रहे। वहीं मुकडेगा मंडल अध्यक्ष संजय पटेल, मंडल महामंत्री सुखदेव सिदार, मंडल महामंत्री निर्मल यादव, कृष्ण कुमार यादव, ग्राम पंचायत लिबरा के सरपंच बलराम सिदार, उपसरपंच ओमप्रकाश पटेल एवं पंचगण सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। अतिथियों का आयोजन समिति एवं युवा संगठन के सदस्यों द्वारा स्वागत किया गया।
खेलकूद प्रतियोगिताओं ने बढ़ाया उत्साह
विश्वकर्मा जयंती समारोह के दौरान 18 सितंबर को विभिन्न खेलकूद एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इनमें स्लो बाइक रेस, कुर्सी दौड़ और हांडी फोड़ जैसी प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं। प्रतियोगिताओं में युवाओं के साथ महिलाओं एवं ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
स्लो बाइक रेस में प्रतिभागियों ने संतुलन एवं कौशल का प्रदर्शन किया। कुर्सी दौड़ में प्रतिभागियों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। वहीं हांडी फोड़ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के प्रयास और दर्शकों के उत्साह ने माहौल को और भी रोमांचक बना दिया। प्रतियोगिता के दौरान ग्रामीणों ने तालियां बजाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
निगरानी समिति के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन
आयोजन को सफल बनाने में युवा संगठन की निगरानी समिति के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति के मार्गदर्शन में युवा संगठन के सदस्यों ने कार्यक्रम की विभिन्न व्यवस्थाओं को संभाला। आयोजन स्थल की साफ-सफाई, अतिथियों के स्वागत, कार्यक्रम व्यवस्था, प्रतियोगिताओं तथा अन्य जिम्मेदारियों को युवाओं ने मिल-जुलकर पूरा किया।
आयोजकों ने बताया कि पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में केवल युवा संगठन ही नहीं, बल्कि समस्त ग्रामवासियों का सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा। ग्रामीणों ने अपनी जिम्मेदारियों को निभाते हुए धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।
एकता और भाईचारे का दिया संदेश
ग्राम में आयोजित इस कार्यक्रम ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश भी दिया। युवा संगठन एवं ग्रामवासियों ने मिलकर आयोजन को सफल बनाया। आयोजन में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी वर्गों की सहभागिता देखने को मिली।
युवा संगठन के सदस्यों का कहना रहा कि गांव में इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से आपसी मेल-जोल बढ़ता है तथा युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों के बीच आपसी संबंध और मजबूत होते हैं।
श्रद्धा के साथ हुई भगवान विश्वकर्मा की विदाई
दो दिवसीय कार्यक्रम के समापन के बाद युवा संगठन एवं समस्त ग्रामवासियों द्वारा भगवान श्री विश्वकर्मा की प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया गया। विसर्जन के दौरान श्रद्धालु भक्तिभाव के साथ शामिल हुए और भगवान विश्वकर्मा को विदाई दी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा संगठन के सदस्य एवं ग्रामवासी मौजूद रहे।
ग्राम लिबरा में आयोजित 9वां श्री विश्वकर्मा जयंती समारोह धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा, खेलकूद एवं सामाजिक एकता का संदेश देते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन की सफलता में युवा संगठन के सभी सदस्यों, निगरानी समिति के मार्गदर्शन, ग्राम पंचायत के सरपंच बलराम सिदार, उपसरपंच ओमप्रकाश पटेल एवं पंचगण सहित समस्त ग्रामवासियों के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।