आयोग उपाध्यक्ष वेद राम मनहरे से मिले जिला महामंत्री नोवल कनेर, अनुसूचित जाति समाज से जुड़े मुद्दों पर हुई सार्थक चर्चा
सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर, विशेष कार्यशाला आयोजित करने की बनी सहमति
रायगढ़। छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष माननीय वेद राम मनहरे जी के रायगढ़ प्रथम आगमन पर ट्रिनिटी होटल में अनुसूचित जाति मोर्चा जिला रायगढ़ के जिला महामंत्री नोवल कनेर जी ने मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ सौजन्य भेंट की। इस दौरान अनुसूचित जाति समाज के हितों, सरकारी योजनाओं की जमीनी पहुंच और कार्यकर्ताओं के रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़े विषयों पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान नोवल कनेर ने समाज के विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को आयोग उपाध्यक्ष वेद राम मनहरे के समक्ष प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन इन योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाना बेहद आवश्यक है।
उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि जानकारी के अभाव में कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए गांव-गांव और जमीनी स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने तथा योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
विशेष कार्यशाला से मिलेगी योजनाओं की जानकारी
नोवल कनेर द्वारा रखे गए विषयों पर आयोग के उपाध्यक्ष वेद राम मनहरे ने सकारात्मक पहल की बात कही। उन्होंने योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष कार्यशाला आयोजित करने की बात कही, जिसमें समाज के लोगों एवं कार्यकर्ताओं को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।
रोजगार और स्वरोजगार पर भी विशेष फोकस
बैठक में जिला एवं मंडल स्तर पर संगठन के साथ सक्रिय रूप से कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से संबंधित शासकीय योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करने पर भी चर्चा हुई। युवाओं और जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
समाजहित के मुद्दों को लेकर सक्रियता का संदेश
यह सौजन्य भेंट महज औपचारिक मुलाकात तक सीमित नहीं रही, बल्कि अनुसूचित जाति समाज के हितों और सरकारी योजनाओं की वास्तविक जमीनी पहुंच को लेकर सार्थक चर्चा का मंच बनी। नोवल कनेर ने समाज से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया, वहीं आयोग उपाध्यक्ष वेद राम मनहरे ने योजनाओं की जानकारी समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक पहल की बात कही।
इस दौरान अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। बैठक के माध्यम से समाजहित से जुड़े मुद्दों को संगठनात्मक स्तर पर मजबूती के साथ आगे बढ़ाने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की दिशा में काम करेंगे
