राशन कार्डधारकों के लिए राहत, सितंबर का राशन 15 और अक्टूबर का 30 अक्टूबर तक मिलेगा..
राशन कार्डधारकों के लिए राहत, सितंबर का राशन 15 और अक्टूबर का 30 अक्टूबर तक मिलेगा..
सारंगढ़-बिलाईगढ़// सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत राशन लेने वाले हितग्राहियों के लिए राहत की खबर है। छत्तीसगढ़ शासन ने सितंबर और अक्टूबर 2026 के खाद्यान्न वितरण की समय-सीमा बढ़ा दी है। अब सितंबर महीने का राशन 15 अक्टूबर 2026 तक और अक्टूबर महीने का राशन 30 अक्टूबर 2026 तक उचित मूल्य दुकानों से लिया जा सकेगा।
शासन के इस फैसले के बाद जिले के पात्र हितग्राहियों को राशन लेने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। सितंबर महीने में किसी कारण से राशन नहीं ले पाने वाले हितग्राही अब 15 अक्टूबर तक अपनी पात्रता के अनुसार खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे। इसी तरह अक्टूबर महीने के राशन का वितरण 30 अक्टूबर तक जारी रहेगा।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिले की सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों में पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न का भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राशन दुकान संचालकों से कहा है कि पात्र हितग्राहियों को राशन लेने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और बढ़ाई गई समय-सीमा का लाभ सभी पात्र लोगों को मिलना चाहिए।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को राशन के भंडारण और वितरण की लगातार निगरानी करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि समय-सीमा के दौरान किसी तरह की परेशानी या अव्यवस्था न हो। प्रशासन ने राशन दुकान संचालकों से भी निर्धारित अवधि में पात्र हितग्राहियों को उनकी पात्रता के अनुसार खाद्यान्न और अन्य राशन सामग्री उपलब्ध कराने को कहा है।