ऐतिहासिक बन गया सक्ती का दशहरा आयोजन, 20 हजार लोगों ने एक साथ किया वंदे मातरम् का गायन
20 अक्टूबर 2026
संवाददाता: अशोक जायसवाल
साइंस वाणी न्यूज़ सक्ती
साइंस वाणी न्यूज़ को प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दिनांक 20 अक्टूबर 2026 को सक्ती में विजयादशमी के पावन अवसर पर सक्ती में आयोजित स्टार नाइट एवं विजयादशमी महोत्सव ने भव्यता और जनभागीदारी के मामले में एक नया इतिहास रच दिया। मारवाड़ी युवा शक्ति शाखा की पहल पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। आयोजन का सबसे खास आकर्षण लगभग 20 हजार लोगों द्वारा एक साथ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का पूर्ण गायन रहा, जिसने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक रूप से वंदे मातरम् के पूर्ण गायन के साथ हुआ। जब हजारों लोगों की आवाज एक साथ गूंजी, तो पूरा आयोजन स्थल राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता के भाव से सराबोर हो उठा। इस ऐतिहासिक पल ने उपस्थित लोगों के मन में देशभक्ति का नया उत्साह भर दिया।विजयादशमी महोत्सव के दौरान रावण के विशालकाय पुतले का इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम के माध्यम से दहन किया गया। आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से आयोजित इस आकर्षक कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। रावण दहन के साथ ही बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में आयोजित स्टार नाइट ने भी लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। उत्सव, उमंग और उल्लास से भरे इस आयोजन में परिवारों, युवाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।मारवाड़ी युवा शक्ति शाखा की इस पहल ने सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपरा और राष्ट्रभक्ति का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। सक्ती का यह विजयादशमी महोत्सव भव्य आयोजन के साथ सामूहिक वंदे मातरम् गायन के लिए भी लंबे समय तक याद किया जाएगा।