-->
आंगन मिलन समारोह में बच्चों के पोषण और महिला जागरूकता पर दिया जोर

आंगन मिलन समारोह में बच्चों के पोषण और महिला जागरूकता पर दिया जोर

बरौल। ग्राम पंचायत बरौल स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में आंगन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा और महिलाओं में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना रहा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा महिला मोर्चा मंडल महामंत्री सोनामनी राजवाड़े शामिल हुईं। विशिष्ट अतिथि मोहर लाल गुप्ता, स्वास्थ्य विभाग,भाजपा युवा मोर्चा सदस्य रामप्रताप प्रजापति, पत्रकार रामकुमार प्रजापति, संतलाल प्रजापति एवं राजपाल प्रजापति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मितानिनों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई।


मुख्य अतिथि सोनामनी राजवाड़े ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यहां बच्चों को पोषण आहार, स्वास्थ्य देखभाल, टीकाकरण, स्वच्छता संबंधी जानकारी और प्रारंभिक शिक्षा जैसी सुविधाएं मिलती हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के संतुलित आहार, साफ-सफाई और नियमित स्वास्थ्य जांच पर विशेष ध्यान देने तथा उन्हें नियमित रूप से आंगनवाड़ी केंद्र भेजने की अपील की।

उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य पर जोर देते हुए कहा कि गर्भवती और धात्री माताओं को पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेना चाहिए। गर्भावस्था के दौरान चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आयरन एवं कैल्शियम की गोलियों का सेवन और संस्थागत प्रसव मां तथा बच्चे के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिलाओं से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करने और समय पर स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान मितानिनों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को बच्चों के वजन, पोषण आहार, टीकाकरण, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी। साथ ही सरकारी योजनाओं और उपलब्ध सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, अभिभावकों और ग्रामीण समुदाय के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। अंत में उपस्थित लोगों ने आंगनवाड़ी केंद्र की गतिविधियों को मजबूत बनाने तथा बच्चों के पोषण और महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहयोग का संकल्प लिया।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article