सक्ती में तीन माह की मासूम की संदिग्ध मौत का खुलासा, माता-पिता गिरफ्तार; पानी से भरे ड्रम में मिला था बच्ची का शव
01 अक्टूबर 2026
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में तीन माह की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने महत्वपूर्ण खुलासा किया है। पुलिस की प्रारंभिक विवेचना में बच्ची की हत्या किए जाने तथा घटना में उसके माता-पिता की संलिप्तता सामने आने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 सितंबर 2026 की रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए थे। इसी दौरान रात लगभग 2 बजे बच्ची के पिता ने परिजनों को बताया कि उनकी तीन माह की बच्ची बिस्तर से गायब है। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्यों एवं आसपास के लोगों ने घर, आंगन और आसपास के क्षेत्रों में बच्ची की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।अगली सुबह 30 सितंबर को लगभग 7:30 बजे बच्ची की दादी पानी लेने आंगन में पहुंचीं। इसी दौरान पानी से भरे ड्रम में मासूम बच्ची मृत अवस्था में मिली। घटना की सूचना मिलते ही सक्ती पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने परिस्थितिजन्य साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण किया। पूछताछ एवं विवेचना के दौरान माता-पिता की भूमिका सामने आने पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार किया गया।प्रारंभिक जांच में बच्ची के जन्म के बाद से बार-बार बीमार रहने तथा उपचार और पारिवारिक आर्थिक परेशानियों के कारण माता-पिता के तनाव में होने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच जारी है।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बच्ची और परिवार की पहचान गोपनीय रखी गई है।
साइंस वाणी न्यूज़ सक्ती से संवाददाता अशोक जायसवाल की रिपोर्ट