रेडक्रॉस की सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती, रक्तदान से अंगदान तक जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
02 अक्टूबर 2026
राज्य शाखा के चेयरमैन तोमन साहू ने ली जिला रेडक्रॉस सोसायटी की समीक्षा बैठक, मानव सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता को प्रभावी बनाने पर हुई चर्चा
सक्ती, 02 अक्टूबर 2026। इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी की जिला शाखा सक्ती की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के चेयरमैन श्री तोमन साहू ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक ली। बैठक में रक्तदान, रक्त बैंक के सुदृढ़ीकरण, जिला शाखा कार्यालय की व्यवस्था, शासकीय भूमि आवंटन तथा जिला अंगदान समिति के गठन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में चेयरमैन श्री तोमन साहू ने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी का मूल उद्देश्य मानव सेवा, सहयोग और संवेदना की भावना के साथ जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना है। उन्होंने रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने तथा शैक्षणिक संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता से सेवा गतिविधियों का विस्तार करने पर विशेष जोर दिया।इस दौरान सड़क सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य जागरूकता, नशा मुक्ति, अंगदान एवं नेत्रदान जैसे जनहितकारी विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों तक सहायता पहुंचाने और जिले में मानवीय सेवा कार्यों को संगठित रूप से संचालित करने की आवश्यकता बताई गई।कलेक्टर एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी की अध्यक्ष श्रीमती जयश्री जैन के मार्गदर्शन में संबंधित विभागों के समन्वय से सेवा एवं जागरूकता कार्यक्रमों को गति देने पर सहमति बनी।बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री एस.के. पैकरा, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रितेश सिंह राजपूत, सचिव डॉ. पूजा अग्रवाल, डीपीएम सुश्री कीर्ति बड़ा सहित रेडक्रॉस के पदाधिकारी, सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक का उद्देश्य सक्ती जिले में रेडक्रॉस की सेवाओं को मजबूत बनाते हुए रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता और मानवीय सहायता के कार्यों में जनसहभागिता बढ़ाना रहा।
साइंस वाणी न्यूज़
सक्ती से संवाददाता अशोक जायसवाल की रिपोर्ट