-->
IIITDM जबलपुर के शैक्षणिक भ्रमण में विद्यार्थियों ने सीखी तकनीक और रचनात्मकता की बारीकियाँ

IIITDM जबलपुर के शैक्षणिक भ्रमण में विद्यार्थियों ने सीखी तकनीक और रचनात्मकता की बारीकियाँ

नर्मदांचल विद्यापीठ के 71 विद्यार्थियों ने किया एक्सपोजर विजिट, आधुनिक मशीनों, खेलकूद, कला, संगीत एवं क्लब गतिविधियों की ली जानकारी

बरगांव। विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नर्मदांचल विद्यापीठ, बरगांव के 71 विद्यार्थियों ने 8 अक्टूबर को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, डिजाइन एंड मैन्युफैक्चरिंग (IIITDM), जबलपुर का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस एक्सपोजर विजिट के दौरान विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा, नवाचार और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को करीब से समझने का अवसर मिला।

भ्रमण के दौरान IIITDM जबलपुर के डीन प्रो. मुकेश रॉय के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने संस्थान की विभिन्न शैक्षणिक एवं तकनीकी गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर डॉ. अक्षय पांडेय, डॉ. शिवांश मिश्रा, श्री नितिन नामदेव एवं श्री अमित कश्यप ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और उन्हें संस्थान की विभिन्न गतिविधियों से परिचित कराया।

विद्यार्थियों ने संस्थान में उपलब्ध आधुनिक मशीनों एवं तकनीकी उपकरणों की कार्यप्रणाली को समझा तथा तकनीकी ज्ञान के व्यावहारिक उपयोग के बारे में जाना। इसके साथ ही उन्होंने खेलकूद, कला, संगीत और विभिन्न क्लब गतिविधियों का अवलोकन किया। संस्थान के विभिन्न क्लबों के विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभवों और गतिविधियों के माध्यम से भ्रमण को ज्ञानवर्धक एवं रोचक बनाया।

इस शैक्षणिक भ्रमण ने विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने, नई तकनीकों के प्रति जिज्ञासा विकसित करने तथा अपनी रुचियों और क्षमताओं को पहचानने का अवसर प्रदान किया। साथ ही, उन्हें तकनीकी शिक्षा, रचनात्मकता, टीमवर्क और व्यक्तित्व विकास के महत्व को समझने का अवसर मिला।

नर्मदांचल विद्यापीठ, बरगांव की यह पहल विद्यार्थियों को अनुभवात्मक शिक्षा से जोड़ने और उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रही।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article