लोईंग में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हेल्थ मेला शिविर का किया निरीक्षण, नशा मुक्ति केंद्र की सुविधाओं की दी जानकारी10 बिस्तरीय नशा मुक्ति केंद्र में 24 घंटे निःशुल्क उपचार, परामर्श और पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध; नशे की गिरफ्त में आए लोगों को मिलेगा नया जीवन
11 नवंबर 2026
संवाददाता : संतोष कुमार चौहान / साइंस वाणी न्यूज़, रायगढ़
रायगढ़। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और आम नागरिकों तक शासन की स्वास्थ्य योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के साथ-साथ नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार, 11 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विकासखंड लोईंग के ग्राम छुहीपाली स्थित हेल्थ मेला शिविर एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर कुकरदा का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं तथा विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की जानकारी ली गई। साथ ही लोईंग में संचालित विशेष नशा मुक्ति केंद्र की सुविधाओं से आम नागरिकों को अवगत कराया गया।
निरीक्षण के दौरान आयोजित हेल्थ मेला शिविर में 48 लोगों की गैर-संचारी रोग (एनसीडी) स्क्रीनिंग की गई। वहीं 10 परिवार नियोजन हितग्राहियों को आवश्यक परामर्श एवं काउंसलिंग प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त फाइलेरिया (हाथीपांव) से पीड़ित एक मरीज का फॉलोअप कर उसके स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी ली गई।
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के दिशा-निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैंकरा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा नशामुक्ति अभियान को लेकर भी जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लोईंग स्थित नशा मुक्ति केंद्र का प्रमुख उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों को शराब, तंबाकू, सिगरेट तथा अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना है। इसके साथ ही नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों को नशे से बाहर निकालकर स्वस्थ जीवन की मुख्यधारा से जोड़ना भी केंद्र की प्राथमिकता है। यहां जरूरतमंद मरीजों के लिए निःशुल्क परामर्श, चिकित्सकीय उपचार एवं भर्ती की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
10 बिस्तरीय नशा मुक्ति केंद्र में 24 घंटे निःशुल्क उपचार की सुविधा
लोईंग में संचालित नशा मुक्ति केंद्र में 10 बिस्तरों की व्यवस्था की गई है, जहां मरीजों को 24 घंटे निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है। मरीजों की समुचित देखभाल के लिए चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं काउंसलर की व्यवस्था भी की गई है।
केंद्र में नशे की लत से जूझ रहे लोगों के उपचार एवं पुनर्वास के लिए मेडिकल डिटॉक्सिफिकेशन, विशेषज्ञ चिकित्सकीय देखभाल, नियमित काउंसलिंग तथा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया जाता है। यहां मरीजों को केवल दवाइयों के माध्यम से उपचार ही नहीं दिया जाता, बल्कि उनके मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए योग, ध्यान और नियमित व्यायाम जैसी गतिविधियां भी कराई जाती हैं।
मरीजों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के साथ ही उनके रहने के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जाता है। केंद्र में मरीजों के साथ-साथ उनके परिजनों को भी गोपनीयता के साथ विशेषज्ञ परामर्श दिया जाता है, ताकि परिवार के सदस्य नशे की गंभीरता को समझ सकें और उपचार के दौरान मरीज का मनोबल बढ़ाने में अपनी सकारात्मक भूमिका निभा सकें।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार नशामुक्ति केंद्र से उपचार प्राप्त कर घर लौटने वाले मरीजों को भी नियमित फॉलोअप एवं मार्गदर्शन दिया जाता है। इसका उद्देश्य मरीजों को दोबारा नशे की गिरफ्त में जाने से बचाना तथा उन्हें सामान्य एवं स्वस्थ सामाजिक जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है।
नशे की लत से प्रभावित लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास
आज के समय में नशे की समस्या केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ रहा है। नशे की आदत के कारण व्यक्ति का स्वास्थ्य प्रभावित होने के साथ-साथ पारिवारिक संबंधों, आर्थिक स्थिति एवं सामाजिक प्रतिष्ठा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
विशेषकर युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने और नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों को उचित उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे को केवल व्यक्तिगत समस्या न समझें, बल्कि इसे सामाजिक चुनौती मानते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। परिवार, समाज एवं जनप्रतिनिधियों को भी चाहिए कि वे नशे की गिरफ्त में आए लोगों को तिरस्कार करने के बजाय उनका सहयोग करें और उन्हें उपचार के लिए प्रेरित करें।
विभाग ने लोगों से आग्रह किया है कि नशामुक्ति जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा जरूरतमंद व्यक्तियों को लोईंग स्थित नशा मुक्ति केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग करें। केंद्र में उपलब्ध निःशुल्क उपचार, परामर्श एवं पुनर्वास सुविधाओं का लाभ उठाकर नशे की गिरफ्त में आए लोगों को बेहतर और स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर किया जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे उपस्थित
हेल्थ मेला शिविर एवं स्वास्थ्य संस्थानों के निरीक्षण के दौरान जिला नोडल अधिकारी एनसीडी डॉ. जावेद मरीकर, डीएलओ डॉ. अविनाश चन्द्रा, जिला मीडिया अधिकारी श्रीमती उमा महंत एवं डीपीएचएन एनसीडी सलाहकार सीमा बरेठ उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग की यह पहल जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास मानी जा रही है। आवश्यकता इस बात की है कि आम नागरिक भी जागरूक बनें और नशे की समस्या से जूझ रहे लोगों को सही समय पर उपचार एवं सहयोग उपलब्ध कराने में अपनी भूमिका निभाएं।
जय विज्ञान। स्वस्थ समाज, नशामुक्त समाज।