रायगढ़ के 13 वर्षीय अभिनव चौधरी ने कोलकाता में लहराया परचम! अंतरराष्ट्रीय रूबिक क्यूब प्रतियोगिता में टॉप-15 में बनाई जगह, 32.10 सेकंड में सुलझाया क्यूब
ग्राम बरकसपाली के अभिनव ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से बढ़ाया जिले का मान, सेंट ऐन्स स्कूल घरघोड़ा में कक्षा छठवीं के हैं छात्र
रायगढ़। प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती, इसे रायगढ़ जिले के ग्राम बरकसपाली निवासी 13 वर्षीय अभिनव चौधरी ने अपनी शानदार उपलब्धि से साबित कर दिखाया है। छोटी सी उम्र में अपनी असाधारण प्रतिभा, लगन और निरंतर अभ्यास के दम पर अभिनव ने कोलकाता में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्तर की रूबिक क्यूब प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप-15 प्रतिभागियों में अपना स्थान बनाया और पूरे रायगढ़ जिले का गौरव बढ़ाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER), कोलकाता में वर्ल्ड क्यूब एसोसिएशन (WCA) द्वारा रूबिक क्यूब प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश-विदेश के प्रतिभागियों ने अपनी दिमागी क्षमता और तेज गति का प्रदर्शन किया। इसी प्रतियोगिता में अभिनव चौधरी ने रूबिक क्यूब को महज 32.10 सेकंड में हल कर टॉप-15 में जगह बनाई। उनकी इस उपलब्धि ने प्रतियोगिता में रायगढ़ जिले की पहचान को नई ऊंचाई दी है।
13 साल की उम्र में हासिल की बड़ी उपलब्धि
अभिनव चौधरी, ग्राम बरकसपाली निवासी श्री गोपी चौधरी एवं श्रीमती शारदा चौधरी के सुपुत्र हैं। वे वर्तमान में सेंट ऐन्स स्कूल, घरघोड़ा में कक्षा छठवीं में अध्ययनरत हैं। महज 13 वर्ष की उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में टॉप-15 तक पहुंचना उनकी मेहनत, एकाग्रता, धैर्य और लगातार अभ्यास का शानदार परिणाम है।
गांव से कोलकाता तक गूंजा प्रतिभा का नाम
अभिनव की इस सफलता से ग्राम बरकसपाली सहित घरघोड़ा और पूरे रायगढ़ जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी उपलब्धि ने यह साबित किया है कि छोटे गांवों में भी ऐसी प्रतिभाएं मौजूद हैं, जो अपनी मेहनत और लगन से बड़े मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
अभिनव की इस शानदार सफलता पर उनके माता-पिता, परिजनों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। निश्चित ही अभिनव की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।