कम धान बेचने पर भी किसानों को मिलेगी पूरी आदान सहायता राशि, प्रति एकड़ 13,839 रुपये तक का लाभ
13 नवंबर 2026
संवाददाता : अशोक जायसवाल
साइंस वाणी न्यूज़ सक्ती
सक्ती, 13 नवंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों को राहत देते हुए शासन ने कृषक उन्नति योजना के नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान बेचना अनिवार्य नहीं होगा। किसान अपने पंजीकृत रकबे के विरुद्ध एक क्विंटल या उससे अधिक धान बेचते हैं, तो भी वे योजना के तहत सहायता राशि के पात्र होंगे।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में लिए गए इस निर्णय के अनुसार किसानों को प्रति एकड़ अधिकतम 13,839 रुपये तक की आदान सहायता राशि मिलेगी। कम मात्रा में धान बेचने वाले पात्र किसानों को निर्धारित अनुपात में राशि प्रदान की जाएगी।
योजना का लाभ लेने के लिए एग्रीस्टैक पंजीयन, निर्धारित उपार्जन केंद्र में धान विक्रय तथा डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से रकबे का सत्यापन अनिवार्य होगा। सहायता राशि सीधे किसानों के पंजीकृत बैंक खातों में ऑनलाइन अंतरित की जाएगी। जिला प्रशासन सक्ती ने किसानों से अपने पंजीयन एवं बैंक संबंधी अभिलेख अद्यतन रखने की अपील की है।