राष्ट्रपति भवन में गूंजा रायगढ़ की एकताल शिल्पकला का गौरव, 13 शिल्पकारों को मिला राष्ट्रीय सम्मानराष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शिल्पकारों से किया आत्मीय संवाद, झारा बेलमेटल कला की बारीकियों और पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा को जाना
18 नवंबर 2026
संवाददाता : संतोष कुमार चौहान / साइंस वाणी न्यूज़, रायगढ़
रायगढ़, 18 नवंबर 2026। रायगढ़ जिले की पारंपरिक हस्तशिल्प कला ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित की है। जिले के ग्राम एकताल की प्रसिद्ध झारा बेलमेटल शिल्पकला को देश के सर्वोच्च संवैधानिक संस्थान राष्ट्रपति भवन में विशेष सम्मान मिला है। नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में ग्राम एकताल के पांच महिला एवं आठ पुरुष सहित कुल 13 शिल्पकारों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने शिल्पकारों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी पारंपरिक कला, कलाकृतियों के निर्माण की तकनीक और इस विरासत को सहेजने के प्रयासों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान शिल्पकारों ने एकताल की प्रसिद्ध झारा बेलमेटल कला की विशेषताओं, धातु को आकार देने की पारंपरिक प्रक्रिया और कलात्मक वस्तुओं के निर्माण में अपनाई जाने वाली बारीकियों को साझा किया। राष्ट्रपति ने उनके अनुभवों को रुचिपूर्वक जाना तथा छत्तीसगढ़ की पारंपरिक शिल्प विधाओं की सराहना की। राष्ट्रपति भवन में मिला यह सम्मान न केवल इन 13 शिल्पकारों की उपलब्धि है, बल्कि पूरे रायगढ़ जिले और छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए गौरव का विषय है।
13 नवंबर को दिल्ली के लिए रवाना हुआ था शिल्पकारों का दल
छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड, रायगढ़ के सहायक प्रबंधक श्री आर.आर. भगत के नेतृत्व में शिल्पकारों का दल 13 नवंबर की शाम बस से नई दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। इस दल में पांच महिला और आठ पुरुष शिल्पकार शामिल थे। 16 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से उनकी मुलाकात हुई। इस दौरान शिल्पकारों ने अपनी कला की पारंपरिक निर्माण तकनीक और पीढ़ियों से चली आ रही शिल्प परंपरा की जानकारी राष्ट्रपति को दी।
राष्ट्रपति भवन के ‘एट होम’ कार्यक्रम के लिए भी चयनित हुई एकताल की कला
रायगढ़ जिले का ग्राम एकताल अपनी विशिष्ट झारा बेलमेटल शिल्पकला के लिए देशभर में पहचान रखता है। यहां के शिल्पकार पारंपरिक तकनीक से धातु की आकर्षक एवं कलात्मक आकृतियां तैयार करते हैं। इसी विशिष्टता के चलते ग्राम एकताल की बेलमेटल कलाकृतियों का चयन राष्ट्रपति भवन के विशेष ‘एट होम’ कार्यक्रम के लिए भी किया गया था।
इससे पहले 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए नई दिल्ली में तैयार किए गए निमंत्रण बॉक्स में भी ग्राम एकताल के शिल्पकारों की कलाकृतियों को स्थान मिला था। यह उपलब्धि बताती है कि स्थानीय शिल्पकारों की कला अब राष्ट्रीय मंचों पर अपनी विशिष्ट पहचान बना रही है। यहां के शिल्पकारों को उनकी उत्कृष्ट कलाकृतियों के लिए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
पीढ़ियों की साधना और परंपरा को मिला राष्ट्रीय मंच
ग्राम एकताल की झारा बेलमेटल शिल्पकला केवल धातु से आकर्षक आकृतियां तैयार करने की कला नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक ज्ञान और शिल्पकार परिवारों की पीढ़ियों की मेहनत एवं साधना का प्रतीक है। पारंपरिक विधियों से तैयार की जाने वाली इन कलाकृतियों में स्थानीय संस्कृति, कलात्मक सोच और शिल्प कौशल की अनूठी झलक देखने को मिलती है।
राष्ट्रपति भवन में मिली इस पहचान से एकताल की पारंपरिक कला को देशव्यापी मंच मिला है। साथ ही यह सम्मान नई पीढ़ी को अपनी पारंपरिक कला और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने के लिए भी प्रेरित करेगा।
राष्ट्रपति से मुलाकात करने वाले 13 शिल्पकार
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करने वाले ग्राम एकताल के शिल्पकारों में धनीराम झारा, भीम झारा, रघु झारा, राज झारा, ममता झारा, पूजा झारा, केशव झारा, रमोला झारा, पंकजीनी झारा, प्रदीप झारा, त्रिनाथ झारा, पिंकी झारा तथा अभिमन्यु झारा शामिल रहे।
ग्राम एकताल के इन 13 शिल्पकारों की राष्ट्रपति भवन तक पहुंच रायगढ़ जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है। उनकी सफलता ने यह साबित किया है कि गांवों में पीढ़ियों से संजोई जा रही पारंपरिक कला भी राष्ट्रीय पहचान और सम्मान का माध्यम बन सकती है।