15 नवंबर से 15 जनवरी तक होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, सक्ती जिले में 129 उपार्जन केंद्र तैयार
10 नवंबर 2026
संवाददाता: अशोक जायसवाल
साइंस वाणी न्यूज़ सक्ती
सक्ती, 10 नवंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सक्ती जिले में 15 नवंबर से 15 जनवरी तक धान खरीदी की जाएगी। इसके लिए जिले की 96 समितियों के अंतर्गत कुल 129 धान उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस वर्ष शासन द्वारा धान कॉमन का समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल तथा धान ग्रेड-ए का समर्थन मूल्य 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। किसानों को समितियों में टोकन प्राप्त करने के लिए लंबी कतारों से राहत देने और समय की बचत के उद्देश्य से शासन द्वारा 'तुंहर टोकन' मोबाइल ऐप की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।निर्धारित व्यवस्था के अनुसार लघु एवं सीमांत किसान 2 एकड़ तक एक टोकन, 2 से 10 एकड़ तक दो टोकन तथा 10 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसान तीन टोकन के माध्यम से धान विक्रय कर सकेंगे। वहीं प्रति एकड़ धान खरीदी की अधिकतम सीमा 21 क्विंटल लिंकिंग सहित निर्धारित की गई है।
धान खरीदी की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बायोमेट्रिक आधारित प्रणाली अपनाई जाएगी। किसानों को टोकन प्राप्त करने अथवा धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की समस्या होने पर शासन द्वारा जारी राज्य स्तरीय हेल्पलाइन नंबर 1800-233-3663 पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।शासन की इन व्यवस्थाओं से जिले के किसानों को सुविधाजनक, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से अपनी उपज का समर्थन मूल्य प्राप्त करने में मदद मिलेगी।