सरकारी टेंडर दिलाने का झांसा देकर 15 लाख की कथित ठगी, रायपुर के होटल कारोबारी पर FIR दर्ज
11 नवंबर 2026
संवाददाता : अशोक जायसवाल
साइंस वाणी न्यूज़ सक्ती
सक्ती। सरकारी टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। मामले में रायपुर निवासी होटल कारोबारी दीपक टंडन पर धोखाधड़ी का आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर सक्ती सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता किशन शर्मा के अनुसार, मार्च 2022 में आरोपी ने कोयले का बड़ा सरकारी टेंडर दिलाने तथा बड़े अधिकारियों से पहचान होने का भरोसा दिलाया था। इसी झांसे में आकर उन्होंने चेक के माध्यम से आरोपी को 15 लाख रुपये दिए थे। रकम की गारंटी के तौर पर आरोपी द्वारा 4 लाख रुपये का चेक और एक ब्लैंक चेक भी दिया गया था। बाद में बैंक से संपर्क करने पर संबंधित खाता पहले ही बंद होने की जानकारी मिली।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत FIR दर्ज की है। फिलहाल पुलिस बैंक लेनदेन, चेक और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है।