जनसमस्याओं की आवाज बनकर समाज को दिशा देते हैं पत्रकार : उप मुख्यमंत्री अरुण साव
27 नवंबर 2026
प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन में तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता पर दिया जोर, पत्रकार भवन के लिए भूमि आवंटन और निर्माण में सहयोग का दिया भरोसा
बिलासपुर, 27 नवंबर 2026। पत्रकार समाज की जनसमस्याओं की आवाज बनकर लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करते हैं तथा समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने, जनहित के मुद्दों को सामने लाने और उनके समाधान का रास्ता प्रशस्त करने में पत्रकारों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके साथ तथ्यपरकता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी भी जुड़ी हुई है। यह बात छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने शुक्रवार को बिलासपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।
बिलासपुर स्थित स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में आयोजित प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन में प्रदेशभर से पत्रकार शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने पत्रकारिता के महत्व, उसकी सामाजिक जिम्मेदारी तथा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकार कठिन परिस्थितियों में भी समाज की समस्याओं को उजागर करते हैं और शासन-प्रशासन तक जनता की आवाज पहुंचाने का काम करते हैं। ऐसे पत्रकारों का योगदान समाज के लिए सराहनीय है।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने संविधान दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार है, लेकिन इस स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी भी जुड़ी हुई है। पत्रकारों को समाचार प्रकाशित एवं प्रसारित करने से पहले तथ्यों की पूरी तरह पुष्टि करनी चाहिए। किसी व्यक्ति से संबंधित खबर प्रकाशित करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूरी है, क्योंकि अपुष्ट जानकारी किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा और सामाजिक सम्मान को प्रभावित कर सकती है। उन्होंने पत्रकारों से आग्रह किया कि वे अपनी लेखनी में तथ्य, निष्पक्षता और जिम्मेदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
उन्होंने पत्रकारिता को एक तपस्या बताते हुए कहा कि पत्रकार अनेक कठिन परिस्थितियों के बावजूद जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों, दूरस्थ इलाकों और आम नागरिकों की समस्याओं को समाचारों के माध्यम से उजागर करना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण कार्य है। उप मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में जनहित के लिए सक्रिय पत्रकारों का अभिनंदन करते हुए उनके योगदान की सराहना की।
पत्रकार भवन के लिए भूमि आवंटन और निर्माण में सहयोग का भरोसा
प्रादेशिक सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ की ओर से बिलासपुर और रायपुर में पत्रकार भवन निर्माण के लिए भूमि आवंटन की मांग उठाई गई। इस पर उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने संघ के पदाधिकारियों से दोनों शहरों में उपयुक्त भूमि चिन्हित कर उसका खसरा नंबर एवं संबंधित राजस्व अभिलेखों के साथ संबंधित कलेक्टर को आवेदन प्रस्तुत करने का आग्रह किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि भूमि आवंटन की प्रक्रिया में शासन की ओर से आवश्यक सहयोग किया जाएगा। साथ ही भूमि आवंटित होने के बाद पत्रकार भवन निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में भी सहायता का भरोसा दिया।
उप मुख्यमंत्री ने बिलासपुर की पत्रकार कॉलोनी में सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि इन कार्यों के लिए भूमिपूजन हो चुका है और पत्रकार कॉलोनी की आवश्यक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
पत्रकारिता जनसमस्याओं को समाधान तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम : सुशांत शुक्ला
सम्मेलन में बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने पत्रकारिता की भूमिका पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारिता नागरिकों तक आवश्यक जानकारी पहुंचाने और जनसमस्याओं से प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने का सशक्त माध्यम है। जब समस्याओं को तथ्यपरक और जिम्मेदारी के साथ सामने रखा जाता है, तो जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद स्थापित होता है, जिससे समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल संभव होती है। उन्होंने पत्रकारों के कार्यों की सराहना करते हुए जनहितकारी पत्रकारिता को समाज के लिए आवश्यक बताया।
पत्रकार सुरक्षा कानून, बीमा योजना और सम्मान निधि को लेकर उठी मांग
छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री अरविंद अवस्थी ने सम्मेलन के दौरान पत्रकारों से जुड़ी विभिन्न मांगों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने, पत्रकार बीमा योजना शुरू करने, पत्रकार सम्मान निधि के नियमों को सरल बनाने तथा सम्मान निधि के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता की राशि बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को सुरक्षित वातावरण में काम करने, सामाजिक सुरक्षा प्राप्त करने और आर्थिक रूप से सहयोग मिलने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
सम्मेलन में संघ के प्रदेश महासचिव श्री विश्व दीपक राय सहित प्रदेशभर से पहुंचे पत्रकारों और पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। संघ के कोषाध्यक्ष श्री अनिल पवार, सम्मेलन संयोजक श्री राजेश मिश्रा, श्री निर्मल सलूजा, श्री रामाधार पटेल, श्री मनोज मिश्रा, श्री रवि शुक्ला, श्री निर्मल शुक्ला, श्री अरविंद शुक्ला और श्री इरशाद अली सहित अनेक पत्रकार सम्मेलन में शामिल हुए।
इसके अलावा श्री मोहित जायसवाल, डॉ. तिलक राम साहू, श्री चंद्र प्रकाश सूर्या, श्री राजेश सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संघ के कोषाध्यक्ष श्री अनिल पवार ने उपस्थित अतिथियों, पत्रकारों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन ने पत्रकारिता की जिम्मेदारी, जनहित के मुद्दों, पत्रकारों की सुरक्षा, सामाजिक सम्मान और संगठनात्मक एकजुटता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद का अवसर प्रदान किया। सम्मेलन में व्यक्त विचारों और उठाई गई मांगों ने प्रदेश में पत्रकारों की सुविधाओं, सुरक्षा तथा पत्रकारिता के सशक्तिकरण को लेकर नई उम्मीदें जगाईं।
संवाददाता : संतोष कुमार चौहान / साइंस वाणी न्यूज़, बिलासपुर