-->
निर्माण कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं, तय समय-सीमा में पूरे हों सभी परियोजनाएं! गुणवत्ता से समझौता नहीं करेंगे कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी

निर्माण कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं, तय समय-सीमा में पूरे हों सभी परियोजनाएं! गुणवत्ता से समझौता नहीं करेंगे कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी

संवाददाता : संतोष कुमार चौहान / साइंस वाणी न्यूज़, रायगढ़ 

अगले 4 से 5 महीने निर्माण कार्यों के लिए बेहद महत्वपूर्ण, अधिकारियों को तेजी से विकास कार्य पूर्ण कराने के निर्देश
रायगढ़, 19 नवंबर 2026। जिले में संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों को समय-सीमा में पूरा कराने और विकास की रफ्तार तेज करने के लिए कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा के भीतर स्वीकृत कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराएं।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों, बजट, टेंडर प्रक्रिया, कार्यादेश, निर्माण की वर्तमान स्थिति और कार्य पूर्ण करने की समय-सीमा की विस्तार से समीक्षा की।

कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने कहा कि बारिश का मौसम समाप्त हो चुका है और आगामी 4 से 5 महीने निर्माण कार्यों को गति देने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं। सभी विभागीय अधिकारी इस अवधि का बेहतर उपयोग करते हुए स्वीकृत कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाएं। उन्होंने विभाग प्रमुखों एवं इंजीनियरों को नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने तथा गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

वनांचल क्षेत्रों में सड़कों का होगा विस्तार, डीएमएफ से तैयार होंगे प्रस्ताव

कलेक्टर ने जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में सड़क सुविधा के विस्तार को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आवश्यक एवं प्राथमिकता वाले मार्ग, जिनका निर्माण संबंधित विभागीय मद से संभव नहीं हो पा रहा है, उनके प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत किए जाएं, ताकि जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के माध्यम से आवश्यक स्वीकृति प्रदान कर निर्माण कार्य कराया जा सके।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत भी अत्यंत आवश्यक सड़कों का चिन्हांकन कर कार्ययोजना तैयार करने को कहा। इससे ग्रामीण और दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी तथा ग्रामीणों को राहत मिलेगी।

डीएमएफ से स्वीकृत कार्यों की समीक्षा, धान खरीदी केंद्रों में सुविधाएं बढ़ाने पर जोर

बैठक में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के अंतर्गत प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष प्रभावित क्षेत्रों में स्वीकृत विकास एवं निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के बजट के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए।

वहीं डीएमएफ मद से धान खरीदी केंद्रों में स्वीकृत कार्यों की समीक्षा करते हुए किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि धान विक्रय के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

निर्माण एजेंसियों को फील्ड निरीक्षण और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग, केलो परियोजना, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, आदिवासी विकास विभाग, जल संसाधन विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, हाउसिंग बोर्ड एवं छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन सहित विभिन्न निर्माण एजेंसियों के कार्यों की समीक्षा की।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड विजिट कर निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने, कमियों को तत्काल दूर कराने तथा गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि निर्माण एवं विकास कार्यों का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और स्वीकृत परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराएं।

बैठक में एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article